वाशिंगटन। अमेरिका की केन्द्रीय खुफिया एजेंसी (सीआईए) के एक पूर्व अधिकारी ने कहा कि पाकिस्तान संभवत: दुनिया के लिए सबसे खतरनाक देश है। उन्होंने पाकिस्तान की लुढ़कती अर्थव्यवस्था, वहां व्याप्त आतंकवाद और तेजी से बढ़ते परमाणु शस्त्रागार वाले देशों में शामिल होने से पैदा हुए संभावित खतरे का हवाला दिया।
उन्होंने कहा कि हमारे पास 3.3 करोड़ की आबादी वाले अफगानिस्तान में बड़ी समस्याएं हैं, लेकिन पाकिस्तान में करीब 18.2 करोड़ नागरिक हैं जो अफगानिस्तान की आबादी का करीब पांच गुना ज्यादा हैं। गिरती अर्थव्यवस्था, वहां फैला आतंकवाद, सबसे तेजी से बढ़ता परमाणु शस्त्रागार, छठी सबसे बड़ी आबादी और विश्व में सबसे उंची जन्म दर वाले देशों में से एक पाकिस्तान गंभीर चिंता का विषय है।
हल्बर्ट ने कहा, 'अंत में, हालांकि पाकिस्तान विश्व में सबसे खतरनाक देश नहीं है लेकिन संभवत: यह दुनिया के लिए सबसे खतरनाक देश है। आज पाकिस्तान में काफी कुछ किया जाना बाकी है लेकिन अगर हम उसे अलग थलग करने या प्रतिबंध लगाने की रणनीति अपनाते रहे तो इससे स्थिति और खराब हो जाएगी।'
उन्होंने कहा कि अमेरिका और आईएमएफ ने खरबों रपये की वित्तीय सहायता दी है क्योंकि पाकिस्तान का साया अमेरिकी राष्ट्रपति को किसी अन्य देश के मुकाबले अधिक डरा रहा है। उन्होंने कहा, 'इसे देखते हुए हम पैसा बहा रहे हैं, उन्हें अच्छा व्यवहार करने के लिए कोशिश कर रहे हैं लेकिन इससे सीमित सफलता मिली है लेकिन हमें ये कोशिशें जारी रखनी चाहिए।'