पेंटागन ने अमेरिकी राज्यों को भेजा खतरनाक एंथ्रेक्स!

गुरुवार, 28 मई 2015 (11:06 IST)
वॉशिंगटन। पेंटागन ने अनजाने में जानलेवा एंथ्रेक्स के नमूने देश के नौ राज्यों की निजी प्रयोगशालाओं और दक्षिण कोरिया के एक वायुसेना केंद्र को भेज दिया। रक्षा विभाग की प्रयोगशाला की इस गंभीर भूल की जांच शुरू कर दी गई है।
 
पेंटागन के प्रवक्ता स्टीव वारेन ने बताया कि आम लोगों को कोई खतरा नहीं है और प्रयोगशाला के कर्मचारियों पर एंथ्रेक्स संक्रमण का कोई संदिग्ध या पुष्ट मामला नहीं आया है।
 
रक्षा विभाग (डीओडी) उटाह के डुग्वे की प्रयोगशाला से नौ राज्यों में सक्रिय बेसिलस एंथ्रासिस अर्थात एंथ्रेक्स का नमूना भेजे जाने पर रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र के साथ तालमेल कर जांच कर रहा है।
 
वारेन ने बताया, 'एंथ्रेक्स का एक नमूना ओसान एयर बेस में ज्वाइंट यूनाइटेड स्टेट्स कोरिया (यूएसएफके) पोर्टल और इंटिग्रेटेड थ्रेट रिकग्नाइजेशन प्रोग्राम को भेजा गया।' (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें