गर्भवती होने से पहले कंपनी से पूछें..!

सोमवार, 6 जुलाई 2015 (14:13 IST)
पेइचिंग। चीन की एक कंपनी ने अपनी महिला कर्मचारियों के लिए नियमों में बदलाव करते हुए ऐसे नियम जारी कर दिए हैं जो उन्हें भारी परेशानी में डाल सकते हैं।
बिजनेस इनसाइडर में प्रकाशित एक समाचार के अनुसार नए नियमों के तहत महिलाओं को बहुत से नुकसान भी उठाने पड़ सकते हैं। नए नियमों के अनुसार यदि कोई महिलाकर्मी बिना अनुमति के गर्भवती हो जाती है तो उस पर जुर्माना लगाया जा सकता है। उसकी पदोन्नति और बोनस व अन्य लाभ रोके जा सकते हैं।  
 
कंपनी ने नए नियम जारी करते हुए कहा है कि अगर कंपनी की इजाजत के बगैर कोई भी महिला कर्मचारी गर्भवती होती है तो उसे 1000 युआन (161 डॉलर) का जुर्माना देना होगा। चीन के मीडिया में आई रिपोर्ट के अनुसार गर्भधारण के लिए केवल वही महिला कर्मचारी आवेदन कर सकती है, जो संस्‍थान में एक साल से ज्यादा काम कर चुकी हो। हेनान प्रांत में स्थित जियाऊजुओ की सानयांग क्रेडिट कॉआपरेटिव ने यह पॉलिसी अपने कर्मचारियों के लिए बनाई है।
 
समाचार के मुताबिक एक पोर्टल द पेपर ने इस आदेश का एक स्क्रीन शॉट अपलोड किया है। जबकि इस मामले पर कंपनी के प्रतिनिधियों का कहना है कि कंपनी ने इस आशय का नोटिस स्टाफ को भेजा है लेकिन इस आदेश पर कंपनी की कर्मचारियों की राय की जाएगी। कंपनी की तरफ से जारी इस सर्कुलर का चीन के मीडिया ने भी विरोध शुरू कर दिया है। 
 
चीन के एक सरकारी अखबार यूथ चाइना डेली ने टिप्पणी करते हुए कहा कि कोई भी कोई भी कंपनी अपने कर्मचारी को मशीनी टूल नहीं समझ सकती है। सरकारी समाचार पत्र ने इस आदेश को विचित्र भी बताया है। कम्युनिस्ट चीन में लोगों के निजी मामलों में सरकार का हस्तक्षेप कोई नई बात नहीं है। इससे पहले चीन में सरकार ने पहले पूरे देश में वन चाइल्ड पॉलिसी सख्‍ती से लागू की गई है। यह पॉलिसी वर्ष 1970 से पूरे चीन में आज भी लागू है। 
 
इससे पहले माओ जेडोंग के शासनकाल में कर्मचारियों को शादी करने के लिए भी  अपने नियोक्ता की मंजूरी लेनी पड़ती थी। एक बैंक में काम करने वाली महिला ने ग्लोबल टाइम्स अखबार को बताया कि उनकी कंपनी ने आदेश दिए हैं कि साल की शुरुआत में ही वह अपनी प्रेगनेंसी से संबंधित जानकारी हमें दें। 

वेबदुनिया पर पढ़ें