अमेरिका में टंगा पुतिन का विशाल बैनर

शुक्रवार, 7 अक्टूबर 2016 (09:31 IST)
न्यूयार्क। अमेरिका में न्यूयार्क स्थित मैनहट्टन ब्रिज पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने रुस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का एक विशाल बैनर टांग दिया। पुलिस बैनर लगाने वाले व्यक्ति की तलाश कर रही है। 
 
20 गुणा 30 फुट के आकार का यह बैनर मैनहट्टन और ब्रुकलिन के बीच बने ब्रिज पर गुरुवार को दिखाई दिया था। इस बैनर में श्री पुतिन को रुसी झंडे के सामने सूट पहनकर खड़ा दिखाया गया है और उस पर अंग्रेजी के कैपिटल लेटर्स में 'पीसमेकर' (शांतिदूत) शब्द लिखा हुआ था। 
       
न्यूयार्क सिटी पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि दोपहर दो बजकर 45 मिनट पर पुलिस को बैनर के बारे में सूचना मिली और करीब आधे घंटे बाद ही इसे हटा दिया गया। उन्होंने कहा कि बैनर को टांगने वाले कौन था और ऐसा क्यों किया गया, इसकी विस्तृत जानकारी नहीं मिली है। मामले की जांच की जा रही है।
 
प्रवक्ता के मुताबिक अभी किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है लेकिन ब्रिज पर लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच की जा रही है तथा एक संदिग्ध की पहचान के लिए आसपास के इलाकों में खोजबीन की जा रही है। (वार्ता) 

वेबदुनिया पर पढ़ें