महारानी एलिजाबेथ की पुलिस में 'शिकायत'

शुक्रवार, 23 जून 2017 (23:08 IST)
लंदन। ब्रिटेन के एक नागरिक ने हाल में महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के बारे में आपात नंबर पर फोन करके पुलिस में शिकायत कर दी कि महारानी सीट बेल्ट पहने बिना कार में सफर कर रही हैं जिसके बाद राजशाही की आधिकारिक वेबसाइट पर देश के कानून को पूरी तरह से पालन करने के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई गई। 
       
पुलिस ने बताया कि 91 वर्षीय महारानी बुधवार को संसद के आरंभिक सत्र को संबोधित करने के लिए जा रही थीं। इस दौरान एक नागरिक ने देखा कि कार की पिछली सीट पर बैठी महारानी ने सीट बेल्ट नहीं पहनी है जबकि सीट बेल्ट पहनना अनिवार्य है और ऐसा नहीं करने पर जुर्माना भरने का प्रावधान है। उसने आव देखा न ताव झट से आपात नंबर 999 पर फोन करके महारानी के बारे में 'शिकायत' कर दी हालांकि महारानी प्रशासनिक एवं आपराधिक कार्रवाई से मुक्त हैं।
              
पुलिस के प्रवक्ता टॉम डोनाहुए ने कहा, किसी ने महारानी के बारे में आपात नंबर पर फोन कर दिया। देश में सीट बेल्ट पहनना अनिवार्य है लेकिन यह महारानी पर लागू नहीं होता है। ऐसा लगता है कि फोन करने वाले को या तो यह मालूम नहीं था अथवा उसने जानबूझकर शरारत की।
        
यह मामला सामने आने के बाद  राजशाही  की आधिकारिक वेबसाइट पर बयान जारी किया गया कि महारानी देश के कानून को पूर्णत: पालन करने पर विश्वास करती हैं और यह सुनिश्चित  किया  जाएगा कि महारानी की सभी गतिविधियां कानून के दायरे में हों। इस बीच पुलिस ने इस घटना को हल्के-फुल्के अंदाज में यादगार बनाने के लिए सुबह ट्वीट किया, गुडमार्निंग, उम्मीद है, महारानी आज सही व्यवहार करेंगी। (वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें