चीन ने किया अक्साई चीन पर कब्जा-राजनाथ

गुरुवार, 20 नवंबर 2014 (21:17 IST)
लेह। भारत ने कहा कि चीनी सैनिकों द्वारा बार बार उसकी सीमा में घुसपैठ करने से सौहार्दपूर्ण संबंध कायम रखने में कोई मदद नहीं मिलेगी। भारत ने चीन पर अक्साई चीन पर गैर कानूनी कब्जा करने का भी आरोप लगाया है।
 
गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने यहां एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि क्षेत्र में विभिन्न विकास योजनाओं को अनुच्छेद 370 के कारण लागू नहीं किया जा सका। उन्होंने लोगों से भाजपा के पक्ष में वोट करने का अनुरोध किया। उनके अनुसार पार्टी का वादा है कि राज्य में 73वां संशोधन लागू किया जायेगा।
 
उन्होंने कहा, 'चीन ने अक्साई चिन में गैर कानूनी कब्जा कर रखा है तथा चीनी सैनिकों द्वारा घुसपैठ करने से हमारे पड़ोसियों के साथ सौहार्दपूर्ण संबंधों को बरकरार रखने में मदद नहीं मिलेगी।' उन्होंने कहा कि नई दिल्ली अपने पड़ोसियों के साथ अच्छे संबंध कायम रखना चाहती है लेकिन उसके साथ भी समान व्यवहार होना चाहिए।
 
सिंह ने कहा कि दोनों देशों के बीच संबंध नई उंचाई तक पहुंच सकते हैं बशर्ते कोई सकारात्मक कदम उठाया जाये और सीमा विवाद जैसे जटिल मुद्दों का समाधान किया जाए।
 
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने अक्साई चीन क्षेत्र चीन को तोहफे में दे दिया तथा पूर्व नेशनल कांफ्रेंस नीत राज्य सरकार ने इसके बारे में कभी ध्यान नहीं दिया क्योंकि उसके एवं संप्रग सरकार के लिए लद्दाख 'ठंडे रेगिस्तान' से ज्यादा कुछ नहीं था।
 
गृह मंत्री ने कहा कि भारत की स्वाधीनता के समय चीन की सीमा भारत में जम्मू कश्मीर से कभी नहीं लगती थी तथा कांग्रेस सरकार की गलत नीतियों के कारण चीन भारत का पड़ोसी बन गया। उन्होंने कहा कि तिब्बत दोनों देशों के बीच बफर राज्य के रूप में काम करता था। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें