अमेरिकी राज्य मैरीलैंड में फिर से गोलीबारी, 3 की मौत

शुक्रवार, 10 जून 2022 (11:38 IST)
वॉशिंगटन। अमेरिकी राज्य मैरीलैंड के स्मिथसबर्ग में एक मशीन प्लांट में हुई गोलीबारी में 3 लोगों की मौत हो गई और 3 अन्य घायल हो गए। वॉशिंगटन काउंटी शेरिफ कार्यालय के अनुसार घटना गुरुवार दोपहर करीब ढाई बजे की है।
 
सीबीएस न्यूज के मुताबिक घटना को अंजाम देने के बाद संदिग्ध वहां से फरार हो गया। हालांकि बाद में स्थानीय पुलिस ने उसे ढूंढ़ निकाला। इस बीच सुरक्षा बल के 1 जवान के साथ उसकी मुठभेड़ भी हुई। उसकी गाड़ी से एक सेमी ऑटोमैटिक पिस्तौल बरामद किया गया है।
 
संदिग्ध की पहचान पश्चिमी वर्जीनिया के रहने वाले 23 वर्षीय मुलेंडोर के रूप में हुई है, जो मूल रूप से लातिन अमेरिका से ताल्लुक रखता है। वह फिलहाल कोलंबिया मशीन इंक नामक इस मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में काम करता था। हिरासत में लेने के बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। उसके खिलाफ आरोप लगाया जाना अभी बाकी है। उसने किस मकसद से ऐसा किया है, यह फिलहाल ज्ञात नहीं है।
 
गोलीबारी में मारे गए 3 लोगों की पहचान चार्ल्स एडवर्ड मिनिक जूनियर (31), जोशुआ रॉबर्ट वालेस (30) और मार्क एलन फ्रे (50) के रूप में हुई है। स्मिथसबर्ग, वॉशिंगटन डी.सी. से लगभग 110 किलोमीटर दूर उत्तर-पश्चिम में है।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी