रूस-यूक्रेन संकट : कंट्रोल रूम से लेकर हेल्पलाइन नंबर और अतिरिक्त विमान तक, भारतीयों को यूक्रेन से निकालने की यह है तैयारी

Webdunia
बुधवार, 16 फ़रवरी 2022 (21:34 IST)
नई दिल्ली। रूस-यूक्रेन तनाव के मद्देनजर भारत ने यूक्रेन में भारतीय नागरिकों की मदद एवं सूचना प्रदान करने के लिए बुधवार को एक कंट्रोल रूम स्थापित किया। इसके अलावा यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने वहां भारतीयों की सहायता के लिए 24 घंटे का हेल्पलाइन शुरू किया है।
 
कीव में भारतीय दूतावास ने एक बयान में कहा कि उसे यूक्रेन से भारत के लिए उड़ान उपलब्ध नहीं होने के बारे में कॉल मिल रहे हैं लेकिन छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे इससे परेशान नहीं हों और भारत यात्रा के लिये जल्द उपलब्ध उड़ान में बुकिंग कराएं।
 
बयान में कहा गया है कि अभी यूक्रेन से यूक्रेन इंटरनेशनल एयरलाइन, एयर अरेबिया, फ्लाई दुबई और कतर एयरवेज की उड़ानें चल रही हैं। अतिरिक्त मांगों को पूरा करने के लिए आने वाले समय में और उड़ानों की योजना बनाई जा रही है।
 
भारतीय दूतावास ने मंगलवार को भारतीय नागरिकों, खास तौर से छात्रों को सलाह दी कि वे मौजूदा हालात की अस्थिरता के मद्देनजर अस्थायी रूप से देश (यूक्रेन) छोड़ दें। विदेश मंत्रालय के अनुसार, दिल्ली में नियंत्रण कक्ष से सम्पर्क के लिये फोन नंबर +91 11 23012113, +91 11 23014104, +91 11 23017905 और 1800118797 है। इसके साथ ही एक ईमेल भी जारी किया गया है।
 
यूक्रेन में भारतीय दूतावास से सम्पर्क करने के लिये फोन नंबर +380 997300428, +380 997300483 हैं। बहरहाल, इस पूर्वी यूरोपीय देश में मौजूद अपने नागरिकों को निकलने की सुविधा देने के लिए सरकार भारत और यूक्रेन के बीच उड़ान सेवाएं बढ़ाने की संभावनाएं जलाश रही है।
 
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि भारत और यूक्रेन के बीच उड़ानों की संख्या कैसे बढ़ाई जाए, इसे लेकर नागर विमानन प्राधिकरण और विभिन्न विमानन कंपनियों के बीच बातचीत जारी है। सूत्रों ने बताया कि भारतीय दूतावास यूक्रेन के घटनाक्रम पर नजर रखे हुए है।
 
सूत्र ने कहा कि हमें पता है कि इस वक्त यूक्रेन में कई भारतीय छात्र हैं और जिनके परिवार उनके लिए चिंतित हैं, खास तौर से भारत वापसी के लिए उड़ानों की उपलब्धता को लेकर।’’
 
यूक्रेन की सीमा पर रूसी सैन्य शक्ति के बढ़ने के कारण रूस और नाटो देशों के बीच हालात तनावपूर्ण होने की पृष्ठभूमि में दूतावास ने परामर्श जारी किया है।
 
यूक्रेन पर रूसी हमले की आशंका की पृष्ठभूमि में अपने सहयोगियों की मदद के लिए अमेरिका अतिरिक्त सैन्य टुकड़ी पूर्वी यूरोप रवाना कर चुका है।

कितने भारतीय हैं यूक्रेन में : यूक्रेन में वर्तमान में करीब 20 हजार भारतीय रह रहे हैं। इनमें कई पेशेवर कामगार और व्यापारियों के अलावा 18 हजार छात्र शामिल हैं। बीते हफ्तों में कई भारतीय छात्रों ने युद्ध की आशंका को देखते हुए यूक्रेन से बाहर निकलने की इच्छा जताई थी। तनाव के चलते यूक्रेन आने-जाने वाली फ्लाइट्स की संख्या घट गई है। भारत की फ्लाइट्स या तो लगातार पूरी तरह बुक चल रही हैं या फिर इनका किराया भयानक रूप से बढ़ गया है।

रूस ने किया साइबर हमला : रूस के कुछ टैंक और सैन्य वाहनों के यूक्रेन सीमा से लौटने के बाद भी दोनों देशों के बीच तनाव बरकरार है।

मंगलवार को यूक्रेन ने कहा कि देश के रक्षा मंत्रालय, सैन्य बल और दो सरकारी बैंकों की वेबसाइट एक साइबर हमले का शिकार हुईं जिसकी जड़ें संभवत: रूस से जुड़ी हो सकती हैं। साइबर हमले की ये खबरें ऐसे समय पर आ रही हैं जब यूक्रेन की सीमाओं पर भारी रूसी सैन्य बल लगातार अभ्यास कर रहा है और यूक्रेन पर हमले के बादल मंडरा रहे हैं।

सम्बंधित जानकारी

अगला लेख