अलेप्पो को किल झोन कहे जाने पर रूस नाराज

गुरुवार, 27 अक्टूबर 2016 (09:38 IST)
संयुक्त राष्ट्र। रूस ने सीरियाई शहर अलेप्पो को 'किल झोन' कहे जाने के लिए संयुक्त राष्ट्र के राहत प्रमुख की आलोचना करते हुए उन पर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने और अहंकारी होने का आरोप लगाया है।
 
संयुक्त राष्ट्र के राहत प्रमुख स्टीफन ओ’ब्रियन ने बुधवार को सुरक्षा परिषद में कहा था कि रूसी और सीरियाई बमबारी के चलते अलेप्पो किल जोन बन गया है।
 
रूस पर लगे आरोप के बाद अमेरिका, ब्रिटेन और फ्रांस ने सीरिया पर हुए सुरक्षा परिषद के सत्र में कड़ी प्रतिक्रिया जाहिर की।
 
रूस पर संयुक्त राष्ट्र की ओर से उसके सीरियाई सहयोगी पर लगाम कसने और विद्रोहियों की पकड़ वाले पूर्वी अलेप्पो में हवाई हमले रोकने के लिए दबाव पड़ रहा है। पूर्वी अलेप्पो में जुलाई से करीब 2,50,000 नागरिक फंसे हुए हैं।
 
संयुक्त राष्ट्र के राहत प्रमुख स्टीफन ओ’ब्रायन ने कहा था कि परिषद के कार्रवाई न कर पाने को लेकर वह अत्यंत व्यथित हैं और इस बात की निंदा करते हैं कि युद्ध रोकने तथा लोगों की तकलीफ दूर करने के लिए वास्तव में कुछ भी नहीं हो रहा है।
 
ओ’ब्रायन ने कहा था कि पूर्वी अलेप्पो में एक ओर घोर खाद्यान्न संकट है वहीं दूसरी ओर सीरियाई और रूसी बलों की बमबारी जारी है। अगर लोग आज बमबारी से बच भी जाएं तो वह कल भूख से मर जाएंगे। उन्होंने कहा कि रूसी और सीरियाई बमबारी के चलते अलेप्पो शहर किल जोन बन गया है। (भाषा) 

वेबदुनिया पर पढ़ें