US President Donald Trump again claimed to stop India Pakistan war: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 22वीं बार कहा है कि उन्होंने ही भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध रुकवाया था। हालांकि भारत ने ट्रंप के दावे को कभी स्वीकार नहीं किया। उन्होंने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच जिस तरह से चल रहा था, उससे तो एक हफ्ते में ही भारत और पाकिस्तान के बीच परमाणु युद्ध छिड़ जाता।
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि हम युद्ध को खत्म करवाने में काफी सफल रहे। भारत और पाकिस्तान के बीच बहुत बुरी तरह से युद्ध चल रहा था। हम व्यापार के जरिए युद्ध रुकवाने में सफल रहे हैं। मैंने दोनों देशों से कहा था कि जब तक आप इस मामले को सुलझा नहीं लेते, हम आपके साथ व्यापार के बारे में बात नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि यह युद्ध नहीं रुकता तो एक हफ्ते में ही भारत-पाक के बीच परमाणु युद्ध छिड़ जाता।
कांग्रेस ने साधा सरकार पर निशाना : कांग्रेस ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष रुकवाने का दावा एक बार फिर किए जाने के बाद मंगलवार को कहा कि ट्रंप ने 65 दिन में 22 बार यह दावा किया है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने एक्स पर पोस्ट किया कि 65 दिन, 22 बार, वही दावा। यह बार-बार दोहराया जाता रहता है।