मैक्सिको की जेल में हिंसा, 28 की मौत

शुक्रवार, 7 जुलाई 2017 (14:14 IST)
एकापुलको। मैक्सिको में यहां की एक जेल में कैदियों के बीच भड़की हिंसा में कम से कम 28 लोगों की मौत हो गई है। 
 
ग्वेरेरो राज्य सुरक्षा अधिकारी रॉबर्टो अल्वरेज ने कहा कि जेल के अधिकतम सुरक्षा विंग में दो गिरोहों के बीच हुई हिंसा में 28 कैदियों की मौत हो गई तथा तीन अन्य घायल हो गए हैं। हाल के वर्षों में जेल के अंदर यह सबसे बड़ी हिंसा है।
 
अल्वरेज ने कहा कि अधिकारियों को गुरुवार को जेल के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले विंग के अंदर तथा किचन के बाहर शव मिले हैं। एक अधिकारी ने अपनी पहचान बताए बिना कहा कि एक कैदी का सिर धड़ से अलग था।
 
उन्होंने कहा कि जेल में क्षमता से 30 फीसदी अधिक कैदी थे। इस जेल में 1624 कैदियों के रहने की व्यवस्था थी, लेकिन इसमें 1951 पुरुष और 110 महिला कैदी रह रहे थे। उन्होंने कहा कि जेल के अंदर गोलीबारी की रिपोर्टों के बावजूद ज्यादर कैदियों की मौत धारदार हथियारों से हुई है। (वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें