रूसी पैरालंपिक टीम पर लगा प्रतिबंध अनैतिक : व्‍लादिमिर पुतिन

गुरुवार, 25 अगस्त 2016 (23:15 IST)
मॉस्को। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने रियो में होने वाले पैरालंपिक खेलों से रूसी पैरालंपिक टीम को प्रतिबंधित किए जाने के अंतरराष्ट्रीय पैरालंपिक समिति के फैसले को बेतुका और अनैतिक बताया है।        
पुतिन ने रियो ओलंपिक से लौटे एथलीटों को संबोधित करते हुए कहा कि पैरालंपिक खेलों से रूसी टीमों को प्रतिबंधित किया जाना पूरी तरह से बेतुका और अनैतिक है। राष्ट्रपति ने हालांकि कहा कि रूस को अपनी गलती का पता है और वह अपनी राष्ट्रीय डोपिंगरोधी प्रणाली में सुधार करेगा। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय डोपिंगरोधी संगठन ने यह फैसला राजनीतिक दबाव में लिया है। 
         
उल्लेखनीय है कि खेलों की सबसे सर्वोच्च अदालत खेल पंचाट ने हाल ही में पैरालंपिक खेलों में रूस के भाग लेने के मामले में अंतरराष्ट्रीय पैरालंपिक समिति (आईपीसी) के फैसले को बरकरार रखा था। आईपीसी ने रूसी सरकार द्वारा प्रायोजित डोपिंग कार्यक्रम के आरोपों के चलते इस माह के शुरुआत में रूस को पैरालंपिक से प्रतिबंधित कर दिया था। (वार्ता) 

वेबदुनिया पर पढ़ें