Weather Updates : उत्तर पश्चिम भारत में लू की चेतावनी, दिल्ली में 45 डिग्री पहुंचेगा पारा, कई राज्‍यों में ऑरेंज अलर्ट

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

गुरुवार, 16 मई 2024 (17:49 IST)
Weather Updates : आगामी 5 दिन के दौरान उत्तर पश्चिम भारत में लू चलने की आशंका है और इसका सबसे ज्यादा असर पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली पर पड़ने का अनुमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुरुवार को यह जानकारी दी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुरुवार को केरल के अनेक जिलों में 18 से 20 मई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया और राज्य में अगले कुछ दिन में बारिश बढ़ने के आसार हैं।
ALSO READ: weather update : राजस्थान में तापमान 44.2 डिग्री पार, हीटवेव का अलर्ट, सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में छुट्टियां
इसके अलावा, 18 मई से पूर्वी और मध्य भारत में भी गर्मी का दौर शुरू हो जाएगा। मौसम कार्यालय ने हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और दिल्ली के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया जिसमें बच्चों, बुजुर्गों और पुरानी बीमारियों से ग्रस्त लोगों एवं गरीबी में रहने वाले लोगों के लिए स्वास्थ्य संबंधित चिंता पर जोर दिया गया।
ALSO READ: Weather Updates: IMD ने दी भारी बारिश की चेतावनी, दक्षिणी भारत में बदला मौसम का मिजाज
चेतावनी में कहा गया है कि लंबे समय तक धूप में रहने वाले या भारी काम करने वाले लोगों में गर्मी से संबंधित बीमारियां बढ़ने की आशंका है। आईएमडी ने कहा, 17-20 मई के दौरान पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में और 18-20 मई के दौरान पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में प्रचंड लू चलने के आसार हैं।
 
दिल्ली में 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है तापमान : राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार तक तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। पूर्वी राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, गुजरात, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के लिए ‘यलो अलर्ट’ जारी किया गया है। मौसम कार्यालय ने इससे पहले मई में उत्तर भारत के मैदानी इलाकों और मध्य भारत में लू चलने के दिनों की संख्या सामान्य से अधिक रहने का पूर्वानुमान जताया था। आमतौर पर उत्तरी मैदानी इलाकों, मध्य भारत और प्रायद्वीपीय भारत के आसपास के क्षेत्रों में मई में लगभग तीन दिन लू चलती है।
 
कई राज्यों ने स्कूलों में कक्षाएं बंद कीं : इस बार अप्रैल में ही पूर्व, पूर्वोत्तर और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में अधिकतम तापमान ने रिकॉर्ड तोड़ दिए। यहां तक की, सरकारी एजेंसियों को स्वास्थ्य संबंधित चेतावनियां जारी करनी पड़ीं और कई राज्यों ने स्कूलों में कक्षाएं बंद कर दीं। कई स्थानों पर अप्रैल में अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया जो कि अप्रैल में अब तक का सबसे अधिक तापमान है। केरल में संदिग्ध तौर पर लू लगने से कम से कम दो लोगों की मौत हो गई।
 
केरल के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी : भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने गुरुवार को केरल के अनेक जिलों में 18 से 20 मई के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया और राज्य में अगले कुछ दिन में बारिश बढ़ने के आसार हैं। आईएमडी ने पलक्कड और मलप्पुरम के लिए 18 मई का, पत्तनमथिट्ठा, अलप्पुझा और इडुक्की के लिए 19 मई का और राज्य के सात अन्य जिलों के लिए 20 मई का ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया।
ALSO READ: Weather Updates: दिल्ली में पारा पहुंचेगा 44 डिग्री सेल्सियस तक, IMD ने जताई अनेक राज्यों में वर्षा की संभावना
उसने यह भी कहा कि 20 मई के लिए कुछ जिलों में ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है, लेकिन बारिश उतनी ही होगी जितनी ‘रेड अलर्ट’ में होती है। आईएमडी ने राज्य के 14 जिलों में से नौ में आज के लिए ‘यलो अलर्ट’ जारी किया है। ‘रेड अलर्ट’ भारी से अत्यधिक भारी बारिश (24 घंटे में 20 सेंटीमीटर से अधिक) का संकेत देता है, जबकि ‘ऑरेंज अलर्ट’ बहुत भारी बारिश (6 से 20 सेंटीमीटर) के लिए जारी किया जाता है। ‘यलो अलर्ट’ 6 से 11 सेंटीमीटर बारिश के पूर्वानुमान पर जारी किया जाता है।

हरियाणा और पंजाब में भीषण गर्मी, सिरसा में तापमान 46.2 डिग्री : हरियाणा में सिरसा सबसे गर्म स्थान रहा जहां बृहस्पतिवार को राज्य और पड़ोसी राज्य पंजाब में लू चलने के कारण अधिकतम तापमान 46.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों राज्यों के ज्यादातर हिस्सों में जहां गर्म मौसम की स्थिति बनी रही, उनकी साझा राजधानी चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 41.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
यहां मौसम विज्ञान केंद्र की एक रिपोर्ट के अनुसार, हरियाणा के हिसार में अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि महेंद्रगढ़ और रोहतक भी भीषण गर्मी की चपेट में रहे जहां तापमान क्रमश: 44.6 डिग्री सेल्सियस और 42.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
 
रिपोर्ट में कहा गया है कि भिवानी में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और अंबाला में 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब में बठिंडा 44 डिग्री सेल्सियस के अधिकतम तापमान के साथ सबसे गर्म स्थान रहा जबकि फरीदकोट में अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
ALSO READ: Weather Update : दिल्ली में धूलभरी आंधी के बाद हुई बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
पटियाला में तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस, अमृतसर में 42.5 डिग्री सेल्सियस और लुधियाना में 42.3 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जम्मू शहर का अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम का सबसे अधिक तापमान है।
ALSO READ: Weather Update: कई राज्यों में बढ़ते तापमान से लोग परेशान, IMD ने जारी की बारिश की चेतावनी
उन्होंने कहा कि पूरे जम्मू क्षेत्र में पारा लगातार ऊपर की ओर बढ़ रहा है, जिससे लू की स्थिति पैदा हो गई है। अधिकारियों के अनुसार जम्मू शहर में दिन का तापमान मौसम के औसत से लगभग दो डिग्री अधिक और बुधवार के तापमान 39.3 डिग्री सेल्सियस से 0.9 डिग्री अधिक था। (इनपुट भाषा)
Edited By : Chetan Gour

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी