विश्व की सबसे छोटी भारतीय महिला ने बनाया रिकॉर्ड

गुरुवार, 30 अगस्त 2012 (21:15 IST)
विश्व की सबसे छोटे कद की भारतीय महिला 18 वर्षीय ज्योति आमगे ने विश्व के सबसे छोटे कद के नेपाली पुरुष चंद्रा डांगी से मिलने के बाद अपने नाम एक और रिकॉर्ड दर्ज कर लिया है। इन्होंने वर्ष 2013 के गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के नए संस्करण के लिए फोटो खिंचवाया।

'डेली मेल' की रिपोर्ट के अनुसार इन दोनों का मिलना अपने आप में एक रिकॉर्ड है। यह पहली बार था, जब विश्व के सबसे छोटे पुरुष और सबसे छोटी महिला आपस में मिले।

72 वर्षीय चंद्रा और ज्योति की उम्र में जरूर अंतर है, लेकिन दोनों ही इस नई किताब के लिए पोज देते समय खूब हंस रहे थे और मजाक कर रहे थे। दोनों ही अपने देश की पारंपरिक वेशभूषा में थे।

इन दोनों की फोटो जल्द ही रिलीज होने वाली ‘गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स 2013’ में प्रकाशित होने वाली है।

ज्योति भारत के नागपुर से हैं और पिछले साल दिसंबर में उन्हें उनके 18वें जन्मदिन पर आधिकारिक रूप से विश्व की सबसे छोटे कद की महिला के रूप में दर्ज किया था, जबकि दांगी को इस साल फरवरी में सबसे छोटे कद के पुरुष के रूप में दर्ज किया गया था। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें