कार्ल इकान 2023 में हिंडनबर्ग के तीसरे शिकार, 1 ही दिन में 10 बिलियन डॉलर से ज्यादा का नुकसान

बुधवार, 3 मई 2023 (10:54 IST)
Hindenburg targets Carl Icahn : अमेरिकी शार्ट सैलर हिंडनबर्ग ने अपने खुलासों से भारतीय दिग्गज कारोबारी गौतम अडाणी और उनके अडाणी ग्रुप को भारी नुकसान पहुंचाया। इसके बाद ट्विटर के को फाउंडर रहे जैक डोर्सी की ब्लैक इंक को निशाना बनाया। कॉरपोरेट एक्टिविस्ट कार्ल इकान और उनकी इनवेस्टमेंट कंपनी इकान एंटरप्राइजेज एलपी 2023 में हिंडनबर्ग का तीसरा शिकार बने। रिपोर्ट सामने आने के बाद कार्ल इकान की संपत्ति एक दिन में ही 10 बिलियन डॉलर से ज्यादा कम हो गई।
 
हिंडनबर्ग ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से ट्वीट (Hindenburg Tweet) कर अपने नए निशाने के बारे में बताया। ट्वीट में लिखा, ' Icahn Enterprises कॉर्पोरेट राइडर अपने शीशे के घर से पत्थर फेंकता है।
 
हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट आते ही इकान एंटरप्राइजेज एलपी के शेयर तेजी से गिरने लगे। देखते ही देखते गिरावट 20 फीसदी तक पहुंच गई। शेयर की कीमत गिरकर 38.10 डॉलर पर पहुंच गई। यह कंपनी कार्ल इकान की होल्डिंग कंपनी के रूप में काम करती है। कंपनी के शेयर गिरने से इकान की संपत्ति में 3.1 बिलियन डॉलर की गिरावट आई।
 
हिंडनबर्ग की रिपोर्ट में इकान एंटरप्राइजेज में कार्ल इकान की उस हिस्सेदारी पर भी विस्तार से चर्चा की, जिन्हें गिरवी रखकर लोन लिया गया है। पहले इनके मार्जिन को ब्लूमबर्ग बिलेनियर्स इंडेक्स के द्वारा नेटवर्थ तय करने में कैलकुलेट नहीं किया जाता था। अब इंडेक्स इसे भी शामिल किया जाता है। इससे कार्ल इकान की नेटवर्थ में अतिरिक्त 7.3 बिलियन डॉलर का नुकसान हुआ।
 
रिपोर्ट आने से पहले ब्लूमबर्ग बिलेनियर्स इंडेक्स पर कार्ल इकान करीब 25 बिलियन डॉलर के साथ दुनिया के 58वें सबसे अमीर व्यक्ति थे। अब उनकी संपत्ति 14.6 बिलियन डॉलर रह गई और वह टॉप 100 अमीरों में भी शामिल नहीं है।
 
उल्लेखनीय है कि  शॉर्ट सेलर फर्म हिंडनबर्ग ने साल 2017 के बाद से अब तक दुनिया की करीब 18 कंपनियों में कथित गड़बड़ी को लेकर अपनी रिपोर्ट जारी कर चुकी है। कंपनी ने 2023 में हिंडनबर्ग ने अडाणी को अपना पहला शिकार बनाया था। दुनिया का तीसरे नंबर का सबसे अमीर अब टॉप 30 अरबपतियों की सूची से बाहर हो गया। उसके बाद हिंडनबर्ग ने जैक डोरसी की ब्लॉक इंक को भी निशाना बनाया। शार्ट सेलर कंपनी की रिपोर्ट ने इस दिग्गज कारोबारी की संपत्ति और साख को भारी नुकसान पहुंचाया।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी