जेवराती मांग से सोना चमका, चांदी टूटी

बुधवार, 17 जनवरी 2018 (19:05 IST)
नई दिल्‍ली। वैश्विक स्तर पर पीली धातु पर बने दबाव के बावजूद स्थानीय जेवराती मांग आने से बुधवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 50 रुपए चमककर चार महीने से ज्यादा के उच्चतम स्तर 31100 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया।
 
    
सोने में लगातार छठे कारोबारी दिवस तेजी देखी गई है। इस दौरान इसके दाम 625 रुपए चढ़ चुके हैं। चांदी की ग्राहकी कमजोर पड़ने से पांच दिन की तेजी खोती हुई आज यह 230 रुपए टूटकर 40070 रुपए प्रति किलोग्राम रह गई। 
     
विदेशी बाजारों में सोना हाजिर पांच डॉलर लुढ़ककर 1335.55 डॉलर प्रति औंस के भाव बिका। फरवरी का अमेरिकी सोना वायदा भी 1.40 डॉलर की गिरावट में 1335.70 डॉलर प्रति औंस बोला गया। 
     
दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर के मजबूत होने से पीली धातु पर दबाव बना है। डॉलर की मजबूती से अन्य मुद्राओं वाले देशों के लिए सोने का आयात महंगा हो जाता है। इससे मांग घटती है और भाव में नरमी आती है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी हाजिर 17.18 डॉलर प्रति औंस पर स्थिर रही। (वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी