कमजोर ग्राहकी से सोना हुआ सस्‍ता, चांदी में गिरावट

गुरुवार, 12 जुलाई 2018 (15:24 IST)
नई दिल्ली। वैश्विक स्तर पर दोनों कीमती धातुओं की चमक तेज होने के बावजूद घरेलू स्तर पर ग्राहकी कमजोर रहने से गुरुवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 140 रुपए की गिरावट में 31,210 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। चांदी की औद्योगिक ग्राहकी घटने से यह भी 370 रुपए फिसलकर 40,030 रुपए प्रति किलोग्राम पर रही।


अंतरराष्ट्रीय बाजार में लंदन का सोना हाजिर 2.10 डॉलर की तेजी के साथ 1,244.55 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। अगस्त का अमेरिकी सोना वायदा भी 0.50 डॉलर की बढ़त के साथ 1,244.90 डॉलर प्रति औंस बोला गया।

दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं की तुलना में डॉलर के मजबूत होने से पीली धातु पर दबाव बना हुआ है, लेकिन अमेरिका-चीन विवाद को देखते हुए निवेशकों की दिलचस्पी इसमें बढ़ गई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी हाजिर भी 0.10 डॉलर की तेजी के साथ 15.88 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। (वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी