सोना चमका, चांदी फीकी

शुक्रवार, 10 नवंबर 2017 (18:19 IST)
नई दिल्ली। वैश्विक स्तर पर दोनों कीमती धातुओं में तेजी के बीच शुक्रवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 80 रुपए चमककर दो सप्ताह से ज्यादा के उच्चतम स्तर 30,530 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। वहीं कमजोर औद्योगिक मांग से चांदी 125 रुपए फिसलकर 40575 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई। 
       
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सोना हाजिर 0.1 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,286.30 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। कारोबार के दौरान एक समय यह तीन सप्ताह के उच्चतम स्तर 1,288.34 डॉलर प्रति औंस तक भी चढ़ा था। हालांकि दिसंबर का अमेरिकी सोना वायदा 3.2 डॉलर लुढ़ककर 1,284.30 डॉलर प्रति औंस बोला गया।
      
बाजार विश्लेषकों ने बताया कि अमेरिका में कर कटौती में देरी के कारण निवेशक शेयर बाजार में जोखिम उठाने की बजाय पीली धातु में निवेश कर रहे हैं। इससे सोने के दाम बढ़े हैं। वैश्विक स्तर पर चांदी हाजिर भी 0.1 प्रतिशत की गिरावट के साथ 17.02 डॉलर प्रति औंस पर रही।
 
स्थानीय बाजार में गुरुवार को स्थिर रहने के बाद आज सोने में तेजी देखी गई। सोना स्टैंडर्ड 80 रुपए की मजबूती के साथ 30,530 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। यह 26 अक्टूबर के बाद का इसका उच्चतम स्तर है। सोना बिटुर भी इतनी ही तेजी के साथ 30,380 रुपए प्रति दस ग्राम पर रहा। आठ ग्राम वाली गिन्नी 24,700 रुपए पर स्थिर रही।
 
औद्योगिक मांग उतरने से चांदी हाजिर में गिरावट रही। यह 125 रुपए उतरकर 40,575 रुपए प्रति किलोग्राम बिकी। चांदी वायदा 490 रुपए की बढ़त में 39,660 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। सिक्कों में कोई बदलाव नहीं हुआ। सिक्का लिवाली और बिकवाली क्रमश: 74 हजार और 75 हजार रुपए प्रति सैकड़ा पर टिके रहे। कारोबारियों ने बताया कि वैश्विक तेजी से सोने में मजबूती आई है। हालांकि पीली धातु की जेवराती मांग में सुस्ती बनी हुई है। औद्योगिक मांग कमजोर रहने से चांदी टूटी है। (वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी