डीडीसीए के 30 सितंबर को होने वाले चुनावों के लिए आज नामांकन वापसी के अंतिम दिन के बाद अरुण जेटली का फिर से डीडीसीए का अध्यक्ष बनना तय हो गया है।
डीडीसीए चुनावों के लिए गुरुवार को नामांकन वापसी का समय समाप्त हो जाने के बाद अब सिर्फ संयुक्त सचिव (क्लब) पद के लिए मुकाबला रह गया है। अन्य पदों के लिए मौजूदा पदाधिकारियों के सामने कोई प्रतिद्वंद्वी नहीं है और अब उन सभी का चुना जाना तय हो गया है।
अध्यक्ष जेटली, तीन उपाध्यक्षों सीके खन्ना, चेतन चौहान और सुरेश के चोपड़ा, महासचिव एसपी बंसल, कोषाध्यक्ष एनके बत्रा और खेल सचिव सुनील देव का अपने पदों पर बने रहना तय है।
सयुंक्त सचिव (क्लब) पद को छोड़कर डीडीसीए के चुनाव अब तकनीकी औपचारिकता मात्र रह गए है। संयुक्त सचिव (क्लब) पद के लिए मुकाबला मौजूदा संयुक्त सचिव (वित्त) रवीन्द्र मनचंदा और संजय कुमार सिंह के बीच है। (वार्ता)