डेविड वॉर्नर ही बताएंगे कि क्या बहुत दबाव में थे?

सोमवार, 27 मार्च 2017 (21:17 IST)
धर्मशाला। ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाजी कोच ग्रीम हिक ने कहा कि सिर्फ डेविड वॉर्नर ही बता सकते हैं कि क्या उन्होंने भारत के खिलाफ श्रृंखला खेलने आने से पहले खुद पर बहुत ज्यादा दबाव बना लिया था। वॉर्नर आठ पारियों में 193 रन ही बना सके हैं।
 
हिक ने कहा, डेविड इस प्रदर्शन से काफी निराश होंगे। वे काफी आक्रामक खिलाड़ी हैं और हम उन्‍हें इसी रूप में देखना पसंद करते हैं। वे अच्छा प्रदर्शन करना चाहते थे लेकिन शायद उन्‍होंने खुद पर बहुत ज्यादा दबाव बना लिया। वे ही इसका जवाब दे सकते हैं। उन्होंने कहा, लेकिन वे हमारे प्रमुख खिलाड़ियों में से हैं। उन्‍हें यहां कड़ी चुनौती मिली। 
 
जडेजा और अश्विन ने उनके खिलाफ बेहतरीन गेंदबाजी की। यही खेल की खूबसूरती है कि इस तरह की चुनौतियां महान खिलाड़ी एक-दूसरे को देते हैं। हिक ने स्वीकार किया कि स्टीव स्मिथ पर निर्भरता बढ़ गई, क्योंकि वह ही अच्छा प्रदर्शन कर पा रहे हैं। 
 
उन्होंने कहा, ऑस्ट्रेलिया टीम के प्रदर्शन में यकीन करता है। स्मिथ अपनी कामयाबी का उतना ही लुत्फ उठाते हैं, जितना बाकी खिलाड़ियों की सफलता का। वे भी दूसरों के खराब प्रदर्शन से निराश होंगे। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें