महेंद्र सिंह धोनी को आईपीएल मैच में लगी फटकार

शुक्रवार, 7 अप्रैल 2017 (17:16 IST)
नई दिल्ली। महेंद्र सिंह धोनी को राइजिंग सुपरजॉइंट के मुंबई इंडियंस के खिलाफ गुरुवार को खेले गए मैच के दौरान आईपीएल आचार संहिता का उल्लंघन करने के लिए फटकार लगाई गई है। 
 
आईपीएल ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि मैच रैफरी मनु नैयर ने उन्हें क्यों फटकार लगाई। आईपीएल के आधिकारिक बयान के अनुसार महेंद्र सिंह धोनी ने खेल भावना के विपरीत व्यवहार करने के लिए लेवल एक का अपराध (अनुच्छेद 2.1.1) स्वीकार किया है।
 
आईपीएल आचार संहिता के इस लेवल के उल्लंघन पर मैच रैफरी का फैसला अंतिम और स्वीकार्य होता है। इस मुकाबले के दौरान धोनी ने बीच में डीआरएस रेफरल के लिए कहा था जबकि आईपीएल में इसकी व्यवस्था नहीं है।
 
पुणे की टीम ने यह मैच 7 विकेट से जीता था। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें