मुंबई इंडियन्स के मुख्य कोच बने पूर्व दक्षिण अफ्रीकी कीपर मार्क बाउचर

Webdunia
शुक्रवार, 16 सितम्बर 2022 (13:29 IST)
मुंबई: दक्षिण अफ्रीका के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज मार्क बाउचर को आगामी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) सत्र के लिए मुंबई इंडियंस का कोच नियुक्त किया गया है। फ्रेंचाइजी ने शुक्रवार को यह घोषणा की।

यह 45 वर्षीय पूर्व क्रिकेटर श्रीलंका के पूर्व कप्तान माहेला जयवर्धने का स्थान लेंगे जिन्हें फ्रेंचाइजी ने हाल में अपना वैश्विक प्रमुख नियुक्त किया था।

बाउचर दक्षिण अफ्रीका की पुरुष राष्ट्रीय टीम के मुख्य कोच हैं। उन्होंने इस सप्ताह के शुरू में घोषणा की थी कि वह आगामी टी-20 विश्वकप के बाद अपना पद छोड़ देंगे।

बाउचर ने यहां जारी विज्ञप्ति में कहा,‘‘ मुंबई इंडियंस का मुख्य कोच नियुक्त किया जाना सम्मान और सौभाग्य की बात है। मुंबई इंडियंस का इतिहास और उपलब्धियां उसे खेल जगत की सबसे सफल फ्रेंचाइजी में शामिल करते हैं। मैं इस चुनौती के लिए तैयार हूं।’’

रिलायंस जिओ के चेयरमैन आकाश अंबानी ने कहा,‘‘ मुंबई इंडियंस में मार्क बाउचर का स्वागत करते हुए हमें खुशी हो रही है। मैदान के अंदर और बाहर उन्होंने अपनी विशेषज्ञता साबित की है और उम्मीद है कि वह मुंबई इंडियंस की विरासत को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाएंगे।’’(भाषा)

सम्बंधित जानकारी

अगला लेख