महिला क्रिकेट : पाक-न्यूजीलैंड व अफ्रीका-ऑस्ट्रेलिया भिड़ेंगे
शनिवार, 2 फ़रवरी 2013 (19:46 IST)
FILE
पहले मैच में पूर्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के हाथों शर्मनाक हार झेलने वाली पाकिस्तानी टीम महिला विश्व कप क्रिकेट के दूसरे मैच में रविवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ बेहतर प्रदर्शन करना चाहेगी।
सना मीर की कप्तानी वाली पाकिस्तानी टीम 176 रन के लक्ष्य के जवाब में 33.2 ओवर में सिर्फ 84 रन पर आउट हो गई थी।
पाकिस्तानी तेज गेंदबाज अस्माविया इकबाल और स्पिनर सादिया यूसुफ ने ऑस्ट्रेलिया को 200 रन के भीतर रोक दिया लेकिन बल्लेबाज उनका साथ नहीं दे सके।
अब तक 53 वनडे खेल चुकी मीर को मोर्चे से अगुवाई करनी होगी। मध्यक्रम की कमान नैन। फातिमा आबिदी, बिसमाह मारूफ और जवेरिया खान पर होगी।
दूसरी ओर न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका जैसी कमजोर टीम के खिलाफ 320 रन बनाए। पाकिस्तान के पास कानिता जलील, अस्माविया, यूसुफ और मीर के रूप में अनुभवी गेंदबाज हैं, जो उसे कम स्कोर पर रोक सकते हैं।
न्यूजीलैंड ने सोफी डेवाइन के 131 गेंद में 145 रन की मदद से दक्षिण अफ्रीका को पहले मैच में 150 रन से हराया।
न्यूजीलैंड ने पहले 300 से अधिक रन बनाए। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका को 170 रन पर समेट दिया।
बाएं हाथ की तेज गेंदबाज सियाम रक ने 4 और स्पिनर मोर्ना नीलसन ने 3 विकेट चटकाए। इस बीच दूसरे मैच में ऑस्ट्रेलिया का सामना दक्षिण अफ्रीका से होगा।
ऑस्ट्रेलिया लगातार दूसरी जीत के साथ सुपर सिक्स में जगह बनाने की संभावना प्रबल करना चाहेगा। दूसरी ओर दक्षिण अफ्रीका के इरादे जीत का स्वाद चखने के होंगे।
ऑस्ट्रेलिया के पास एलेक्स ब्लैकवेल और लीजा सठालेकर जैसे खिलाड़ी हैं, जो 2005 विश्व कप जीत चुके हैं। बल्लेबाज मैग लानिंग जबर्दस्त फॉर्म में है जिसने दिसंबर में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में 45 गेंद में 100 रन बनाए थे। (भाषा)