इनसे है पृथ्वी को सबसे बड़ा खतरा

गुरुवार, 6 अगस्त 2015 (12:25 IST)
पृथ्वी को इस समय जलवायु परिवर्तन या उल्कापिंडों के टकराने से ज्यादा खतरा खुद इंसान से है। द कंवर्सेशन डॉट कॉम theconversation।com के रिव्यू के मुताबिक इंसान की ही बनाई हुई कुछ खास चीजों से खतरा है हमारी पृथ्वी को।
परमाणु युद्ध : अगर दुनिया की बड़ी ताकतों के बीच परमाणु युद्ध हो जाए तो इससे सीधे तौर पर दुनिया की लाखों की आबादी प्रभावित होगी। यही नहीं इसके बाद पृथ्वी पर निम्न तापमान और सूखे का असर सैकड़ों सालों तक रहेगा। इससे दुनिया भर में भुखमरी फैल सकती है।
 
बायोटेक्नोलॉजी : इतिहास गवाह है कि युद्ध के मुकाबले महामारियों से ज्यादा लोग मारे जाते हैं। और बीमारियां पहले के मुकाबले ज्यादा भयानक होती जा रही हैं, इसमें बायोटेक्नोलॉजी का भी हाथ है। उदाहरण के तौर पर एक्ट्रोमीलिया वायरस, जो चूहों में चिकनपॉक्स का कारक है, बायोटेक्नोलॉजी की रिसर्चों के चलते यह पहले के मुकाबले ज्यादा असरदार हो गया है और इससे मनुष्य भी संक्रमित हो सकता है।
 
बुद्धिमत्ता : इंसान का बुद्धिमान होना अच्छी बात है, लेकिन ये तेज दिमाग अगर गलत हाथों में चले जाएं तो बेहद खतरनाक साबित हो सकते हैं। बुद्धिमत्ता से नैतिकता का कोई संबंध नहीं, इसलिए यह नहीं कहा जा सकता कि बुद्धिमान आदमी सिर्फ नैतिक काम ही करेगा।
 
नैनोटेक्नोलॉजी : नैनोटेक्नोलॉजी के बड़े सारे उपयोग हैं लेकिन बायोटेक्नोलॉजी की ही तरह इसका भी खतरा यह है कि इसका गलत इस्तेमाल हो सकता है। सबसे बड़ा खतरा यह कि नैनोटेक्नोलॉजी की मदद से बेहद खतरनाक हथियार बनाए जा सकते हैं।
 
जलवायु परिवर्तन और उल्कापिंड : तेजी से बदल रही जलवायु पृथ्वी के लिए एक बड़ी चुनौती है। यह भी संभव है कि कोई उल्कापिंड पृथ्वी से टकरा जाए और भारी नुकसान पहुंचाए। लेकिन उसकी संभावना बहुत कम है। ज्यादा बड़ा खतरा विश्व को परमाणु युद्ध से है जो कि विश्व पर पिछले 70 सालों से मंडरा रहा है।

वेबदुनिया पर पढ़ें