जबलपुर लोकसभा सीट परिचय

जबलपुर लोकसभा क्षेत्र को भाजपा का गढ़ माना जाता है। इस संसदीय सीट पर बीजेपी और कांग्रेस में सीधी टक्कर है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और पिछले 15 साल से सांसद राकेश सिंह का मुकाबला पूर्व एडवोकेट जनरल और कांग्रेसी नेता विवेक कृष्ण तन्खा से है।

परिचय : मध्यप्रदेश का जबलपुर शहर महाकौशल क्षेत्र में संस्कारधानी के नाम से प्रसिद्ध है। नगर में स्थित कई ताल और गोंड राजाओं द्वारा बनवाए गए कई मंदिर इसकी प्राचीन वैभव की जानकारी देते हैं। रामायण एवं महाभारत की कथाएं भी इस शहर से जु़ड़ी हुई हैं। यह शहर पवित्र नर्मदा नदी के तट पर स्थित है।

जनसंख्‍या : जनगणना 2011 के मुताबिक, जबलपुर की जनसंख्‍या 24 लाख 60 हजार 714 है। 
 
अर्थव्यवस्था : सैन्य छावनी के अलावा यहां भारतीय आयुध निर्माण कारखाने भी हैं तथा यह शहर पश्चिम-मध्य रेलवे का मुख्यालय है। प्रमुख उद्योगों में खाद्य प्रसंस्करण, आरा मिल और विभिन्न निर्माण शामिल हैं। 
 
मतदाताओं की संख्‍या : लोकसभा चुनाव 2014 के मुताबिक यहां मतदाताओं की कुल संख्‍या 17 लाख 11 हजार 683 है, जिसमें 8 लाख 97 हजार 949 पुरुष और 8 लाख 13 हजार 734 महि‍लाएं हैं। 
 
भौगोलिक स्थिति : जबलपुर का भौगोलिक क्षेत्र पथरीली, बंजर जमीन और पहाड़ों से आच्छादित है। यहां आपको बेशुमार संगमरमर की चट्टानें देखने को मिलेंगी। यहां नर्मदा नदी संगमरमरी चट्टानों के बीच बहुत संकरे रास्ते से बहती है। यह शहर मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से 330 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। शहर का खास आकर्षण भेड़ाघाट और धुआंधार जल प्रपात है। 
 
16वीं लोकसभा में स्थिति : मध्‍यप्रदेश भाजपा के दिग्गज नेताओं में से एक राकेशसिंह यहां सांसद हैं। साल 2014 में लगातार तीसरी बार जीत हासिल कर वे संसद पहुंचे। इस चुनाव में सिंह ने कांग्रेस के विवेक तन्खा को हराया था। 1996 से यहां भाजपा लगातार जीतती आ रही है।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी