राहुल गांधी की न्याय संकल्प पदयात्रा, तुषार गांधी, स्वरा भास्कर समेत कई दिग्गज शामिल

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

रविवार, 17 मार्च 2024 (11:28 IST)
Rahul Gandhi nyay sankalp padyatra : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार सुबह दक्षिण मुंबई में महात्मा गांधी के आवास मणि भवन से अगस्त क्रांति मैदान तक न्याय संकल्प पदयात्रा निकाली।

ALSO READ: लोकसभा चुनाव में 544 सीटों पर मतदान, चुनाव आयोग ने ऐसा क्यों कहा?
राहुल की बहन प्रियंका गांधी वाड्रा, महात्मा गांधी के प्रपौत्र तुषार गांधी और अभिनेत्री स्वरा भास्कर के साथ ही विपक्षी 'इंडिया' गठबंधन के कुछ सदस्य भी कांग्रेस समर्थकों के साथ पैदल मार्च में शामिल हुए।
 
मार्च के बाद राहुल गांधी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि हिंदुस्तान पहला देश है, जिसने आज़ादी की लड़ाई भी मोहब्बत के साथ लड़ी। मैं दक्षिण अफ़्रीका गया तो नेल्सन मंडेला जी ने कहा कि- हमें आजादी की राह गांधी जी और हिंदुस्तान ने दिखाई है। 
 
उन्होंने कहा कि मुझे गुजरात के छोटे व्यापारियों ने बताया कि GST और नोटबंदी से उन्हें बहुत नुकसान हुआ है। उन्हें अपने साथ हो रहे अन्याय का पता था, लेकिन किसानों के साथ हो रहे अन्याय के बारे में जानकारी नहीं थी। जब तक आप अपने साथ ही अपने भाईयों पर हो रहे अन्याय के बारे में नहीं समझेंगे, तब तक कोई आंदोलन शुरू नहीं हो सकता। 
 
जब हमारी सरकार ने किसान कर्ज माफी की बात की तो BJP ने कहा- किसान आलसी हो जाएगा। मनरेगा लाए तो कहा कि मजदूरों की आदत बिगड़ जाएगी। लेकिन जब वे चंद उद्योगपतियों का लाखों-करोड़ों का कर्ज माफ करते हैं तो क्या उनकी आदत नहीं बिगड़ती? आज एक तरफ कुछ लोगों के पास देश का पूरा धन है। वहीं दूसरी ओर युवा, किसान, मजदूर के साथ अन्याय हो रहा है।

शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने कहा कि कांग्रेस नहीं होती तो देश को आज़ादी नहीं मिलती, कांग्रेस नहीं होती तो देश को नेतृत्व नहीं मिलता। कांग्रेस नहीं होती तो यह देश अखंड नहीं होता, ऐसी कई बातें हैं लेकिन भाजपा को यह बाते समझ नहीं आएंगी। वे (भाजपा) व्यपारियों और उद्योगपतियों का विचार करते हैं। अगर भाजपा न होती तो कई बातें होती, इस देश में दंगे नहीं होते, इस देश का रुपया मज़बूत होता, देश पर जो कर्ज है वह कम होता।

ALSO READ: लोकसभा चुनाव में वोट है पाना, राजनीतिक दलों को सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर्स का सहारा
इससे पहले शनिवार को कांग्रेस सांसद ने मध्य मुंबई में डॉ. भीमराव आंबेडकर के स्मारक 'चैत्यभूमि' पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करके और संविधान की प्रस्तावना पढ़कर अपनी 63 दिवसीय 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' का समापन किया। यह यात्रा 14 जनवरी को संघर्षग्रस्त मणिपुर से शुरू हुई थी।
 
विपक्षी 'इंडिया' गठबंधन शक्ति प्रदर्शन के लिए रविवार शाम को यहां एक जनसभा आयोजित करेगा, जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, दिग्गज नेता शरद पवार, महाराष्‍ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव और समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव हिस्सा ले सकते हैं।
Edited by : Nrapendra Gupta

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी