अमेठी, रायबरेली में कौन होगा कांग्रेस उम्मीदवार, नामांकन के मात्र 2 दिन शेष

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

गुरुवार, 2 मई 2024 (08:36 IST)
congress candidate in amethi, raibareli : कांग्रेस के शीर्ष नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा अमेठी और रायबरेली लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे या नहीं, इसे लेकर संशय बरकरार है। इन सीटों पर नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया समाप्त होने में केवल दो दिन बचे हैं। भाजपा ने अमेठी से स्मृति ईरानी को चुनाव मैदान में उतारा है तो रायबरेली में वह कांग्रेस प्रत्याशी के नाम की घोषणा का इंतजार कर रही है। ALSO READ: Lok Sabha Elections 2024 : बनासकांठा में बोले PM मोदी, कांग्रेस लिखकर दे धर्म के आधार पर नहीं देगी आरक्षण
 
अमेठी और रायबरेली गांधी-नेहरू परिवार के पारंपरिक क्षेत्र माने जाते हैं क्योंकि इस परिवार के सदस्यों ने कई दशकों तक इन सीट का प्रतिनिधित्व किया है। कहा जा रहा है कि प्रियंका गांधी तो चुनाव लड़ने को तैयार हैं लेकिन पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल नहीं। वे नहीं चाहते कि गांधी परिवार के तीनों सदस्य सांसद बनें।
 
अमेठी और रायबरेली सीटों पर उम्मीदवार के नामों पर चर्चा के लिए बुधवार को एक बैठक हुई थी लेकिन कोई फैसला नहीं हुआ। सोनिया गांधी ने भी दोनों से उत्तरप्रदेश की इन 2 सीटों के लिए बात की है। कहा जा रहा है कि आज दोनों सीटों पर कांग्रेस नेताओं के नाम का ऐलान हो सकता है।
 
गांधी परिवार के करीबी सहयोगी के एल शर्मा ने कहा कि लोग उम्मीद कर रहे हैं कि गांधी परिवार के सदस्य अमेठी और रायबरेली सीट से चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि इस मामले पर बहुत जल्द फैसला लिया जाएगा क्योंकि सीटों के लिए नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख तीन मई है। ALSO READ: KCR पर चुनाव आयोग का एक्शन, 48 घंटे तक प्रचार पर लगाया बैन, कांग्रेस के खिलाफ की थी टिप्पणी
 
अमेठी और रायबरेली लोकसभा सीट पर कांग्रेस उम्मीदवारों को लेकर संशय के बीच कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि कोई भयभीत नहीं है और इस बारे में फैसले की घोषणा अगले 24-30 घंटे में की जाएगी।
 
यह पूछे जाने पर कि निर्णय लेने में देरी क्यों हो रही है और क्या कांग्रेस राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा को चुनाव मैदान में उतारने से डर रही है? इस पर रमेश ने कहा, 'कोई देरी नहीं हो रही है। क्या भाजपा ने रायबरेली में अपने उम्मीदवार की घोषणा की है? स्मृति ईरानी अमेठी से मौजूदा सांसद हैं। भयभीत कोई भी नहीं है। चर्चा चल रही है और फैसला लेने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष को अधिकृत किया गया है।'
 
उत्तर प्रदेश में कांग्रेस का प्रदेश नेतृत्व पहले ही केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) और पार्टी नेतृत्व से राहुल गांधी को अमेठी से और प्रियंका गांधी को रायबरेली संसदीय सीट से चुनाव मैदान में उतारने का आग्रह कर चुका है।
 
अमेठी सीट का प्रतिनिधित्व 2004 से राहुल गांधी ने किया और वह लगातार तीन बार इस निर्वाचन क्षेत्र से संसद सदस्य चुने गए। वह 2019 में भाजपा की स्मृति ईरानी से चुनाव हार गए थे। राहुल गांधी वर्तमान में केरल के वायनाड निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं, जहां से उन्होंने 2019 का लोकसभा चुनाव जीता था। इस बार भी राहुल वायनाड से चुनाव मैदान में हैं।
 
वर्ष 2004 से 2024 तक रायबरेली निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व सोनिया गांधी ने किया। उससे पहले सोनिया गांधी ने राजनीति में प्रवेश करने के बाद अमेठी लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था और 1999 में पहली बार चुनाव लड़ा था। (इनपुट : भाषा)
Edited by : Nrapendra Gupta 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी