महिलाओं को उनकी ताकत का एहसास कराती रहीं प्रियंका गांधी

अरविन्द तिवारी

शुक्रवार, 6 अक्टूबर 2023 (09:30 IST)
Priyanka Gandhi news in hindi : मध्य प्रदेश में कांग्रेस को सत्ता में लाने के लिए अहम भूमिका निभा रही प्रियंका गांधी वाड्रा ने मालवा निमाड़ में अपने चुनाव अभियान का आकाश करते हुए महिलाओं को उनकी ताकत का एहसास करने में कोई कसर बाकी नहीं रखी।
 
राजगढ़ के मेला ग्राउंड पर 47 मिनट के अपने भाषण में से करीब 20 मिनट प्रियंका महिलाओं के मुद्दे पर बोलीं और साफ-साफ कहा कि मध्य प्रदेश में महिलाओं के साथ राजनीतिक खिलवाड़ हो रहा है। महिला अत्याचार सबसे ज्यादा इसी प्रदेश में हो रहे हैं और पिछले 18 साल में 17000 बच्चियों लापता हुई है। रोज 17 बलात्कार हो रहे हैं और भाजपा इन सबसे बेखबर होकर धर्म, जाति और जज्बातों के आधार पर चुनाव लड़ना चाहती है। इस सबसे प्रभावित हुए बिना आपको आंख अर्जुन की तरह निशाने पर ही रखना है।
 
महिलाओं को उनकी ताकत का एहसास करते हुए प्रियंका ने हुंकार भरते हुए कहा, बहनों लगाम संभालो, अपना रथ खुद चलाओ, देश का एक-एक नेता यह समझ गया है कि यदि महिलाओं के वोट नहीं मिले तो वह सत्ता में नहीं आ सकते हैं।
 
अपनी दादी इंदिरा गांधी के आदिवासी क्षेत्र की जनता से रिश्तो का उल्लेख करते हुए प्रियंका ने कहा कि मेरी दादी का आदिवासी समाज पर भरोसा था। ‌ वह हमें आपकी कहानी सुनाती थी, रीति रिवाज और संस्कार बताती थी। उनके दिल में आपके लिए बहुत श्रद्धा थी जो रिश्ता नेता और जनता के बीच होता है उसे मेरी दादी ने पूरी निष्ठा से निभाया। आप लोगों ने भी उन्हें सर आंखों पर रखा। मेरी दादी और मेरे पिता को पूरा सम्मान दिया। ‌मैं भी उसी हक़ से आपके बीच आई हूं।
 
बढ़ती महंगाई का उल्लेख करते हुए वह बोली मैं जानती हूं आपके लिए चौका चूल्हा चलाना कितना मुश्किल होता जा रहा है।  उन्होंने कहा जब यूपीए की सरकार थी तब आपको 7 रुपए में राशन और 475 रुपए में गैस का सिलेंडर मिलता था। अभी जब तक चुनाव नहीं आए थे आपको राशन तो फ्री में दे रहे थे पर गैस का सिलेंडर लगभग 1145 में मिल रहा था। यानी लगभग डेढ़ गुना महंगा।
 
आज प्रियंका जिस स्थान पर सभा को संबोधित कर रही थी सालों पहले इसी स्थान पर उनकी मां सोनिया गांधी ने भी सभा ली थी। ‌जनाक्रोश सभा प्रियंका ने बेरोजगारी, घोटाले, किसान, युवा और महंगाई से जुड़े मुद्दे उठाए।
 
प्रियंका ने मुख्यमंत्री शिवराज पर निशाना हुए कहा जब मैं यहां आ रही थी तब मैंने कुछ लोगों से पूछा कि मध्य प्रदेश में क्या होगा तो उन्होंने कहा कि राजा जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आजकल मुख्यमंत्री शिवराजसिंह का नाम नहीं लेते। खुद के नाम पर वोट मांगते है, लेकिन इस बार जनता का वोट रोजगार के लिए डलेगा। जनता का संघर्ष क्या है, यह मायने रखता है। मंहगाई भाजपा राज में बढ़ी है। किसानों का जीवन मुश्किल हुआ है। 18 सालों में हजारों किसानों ने आत्महत्या की।
 
प्रियंका ने कहा कि इस देश का लोकतंत्र हमेशा मजबूत रहा है। जिसमे लिखा है कि हर व्यक्ति को समान अधिकार मिलना चाहिए। कांग्रेस ने पंचायती राज को मजबूत किया। भाजपा सरपंचों के अधिकार कम कर रही है।
 
उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में 18 साल में 250 से ज्यादा घोटाले हुए है। व्यापमं घोटाले ने युवाओं का भविष्य छीन लिया। 50 से ज्यादा मौत हुई। सरकार के खिलाफ कोई कुछ बोलता है तो ईडी का छापा पड़ता है। फ़िल्म निर्माताओं के यहां छापे पड़ते है, लेकिन मध्य प्रदेश के भ्रष्ट अफसरों के यहां ईडी क्यो नही पहुचती है। महाकाल की मूर्तियों में भी घोटाला करने में सरकार पीछे नही रही। जनता तो ठीक भगवान के साथ घोटाला किया है।
 
प्रियंका गांधी ने कहा कि मध्य्प्रदेश प्रदेश में किसानों के कर्ज माफ नही कर सकते लेकिन अडानी के कर्ज माफ हो रहे है। प्रदेश के आने वाले दिन अच्छे नही बुरे होंगे। यह बात जनता को गहराई से सोचना होगी। चुनाव आया तो घोषणाएं शुरू हो गई। प्रधानमंत्री मोदी जगह जगह लोकार्पण कर रहे है। पहले याद क्यों नहीं आई। प्रदेश में शिक्षकों के 70 हजार पद खाली है। डॉक्टरों के 90 प्रतिशत से ज्यादा पद खाली है। सरकार रोजगार दे नही रही, लेकिन मंहगाई थोप रहे हैं। मैं आपसे वादा करती हूं कि जहां-जहां कांग्रेस की सरकार है। वहां गरीबी हटेगी।
 
 प्रियंका के भाषण के पहले पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने कहा कि मध्य प्रदेश चौपट राज्य बन चुका है। प्रदेश की यह तस्वीर भाजपा सरकार ने बनाई है। प्रदेश का हर व्यक्ति भ्रष्टाचार का शिकार है। युवकों को रोजगार नहीं है। भ्रष्टाचार प्रदेश की पहचान बन चुकी है। मध्य प्रदेश आदिवासी अत्याचार में नम्बर वन है। मुख्यमंत्री शिवराज के पास सिर्फ डराना, छिपाना और दबाना बचा है।
 
आदिवासी विधायकों से बात की : जब कमलनाथ का संबोधन चल रहा था तब प्रभारी महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने धार जिले के आदिवासी विधायक सुरेंद्र सिंह बघेल पाछीलाल मेडा, प्रताप ग्रेवाल और हीरालाल अलावा की प्रियंका गांधी से मुलाकात करवाई।‌ यह लोग एक-एक करके उनके पास आकर बैठते रहे और बात करके वापस अपनी जगह पर चले गए।‌ सभा के संचालन के सूत्र भी आदिवासी विधायक उमंग सिंगार के हाथों में थे। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कांतिलाल भूरिया और उनके बेटे डॉक्टर विक्रांत भूरिया से भी प्रियंका ने मंच पर संवाद किया।
 
आदिवासी महिला विधायकों ने परंपरागत गहने और श्रृंगार सामग्री भेंट की : कांग्रेस की आदिवासी महिला विधायक झूमा सोलंकी और चंद्रभागा किराड़े के साथ ही मंच पर मौजूद डॉ विजयलक्ष्मी साधौ, सेना पटेल और अन्य नेत्रियों ने प्रियंका को परंपरागत आदिवासी गहने पहनाए और श्रृंगार सामग्री भेंट की।
 
सबसे कम उपस्थिति इंदौर से रही : कुछ दिनों पहले जब दिग्विजय सिंह की मौजूदगी में मोहन खेड़ा में आयोजन की तैयारी को लेकर बैठक हुई थी तब इंदौर शहर कांग्रेस के अध्यक्ष सुरजीत सिंह चड्ढा और नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे ने बड़ी संख्या में सभा में लोगों को लेकर पहुंचने का दावा किया था। ‌आज सभा में चड्ढा और चौकसे दोनों ही नजर नहीं आए‌ और बड़ी संख्या में लोगों को लेकर पहुंचने का इनका दावा भी खोखला साबित हुआ।
 
शहर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष विनय बाकलीवाल और जिला कांग्रेस अध्यक्ष सदाशिव यादव ने असर कारक उपस्थिति दर्ज करवाई।
 
कमलनाथ ने थपथपाई विशाल पटेल और अमन बजाज की पीठ : देपालपुर के विधायक विशाल पटेल को सभा के लिए प्रभारी बनाया गया था और प्रदेश महामंत्री अमन बजाज को सभा से संबंधित व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंप गई थी। कार्यक्रम समाप्ति के बाद जब कमलनाथ मौके से रवाना हो रहे थे तब उन्होंने इन दोनों नेताओं को बुलाकर उनकी पीठ थपथपाई।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी