इंदौर में डॉक्टर की हत्या

रविवार, 31 मई 2009 (14:23 IST)
इंदौर में शनिवार की रात अज्ञात बदमाशों ने एक डॉक्टर दंपति के घर पर धावा बोलते हुए पति की हत्या कर दी और पत्नी को गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने कहा कि प्रथम दृष्ट्या लगता है कि बदमाश चोरी की नीयत से डॉक्टर दंपति के घर में घुसे थे।

पुलिस के अनुसार यह घटना शहर के पॉश इलाके जावरा कम्पाउंड की है। मृतक की पहचान डॉ. महमूद खान (60) के रूप में हुई है।

बदमाश कल रात खिड़की की जाली काटकर डॉ. खान के घर में घुसे और उनके सिर पर किसी भारी चीज से वार किया। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। संदेह है कि उन पर चाकू से भी वार किया गया।

पुलिस ने कहा कि डॉ. खान की पत्नी डॉ. विद्या खान पर भी हमला किया गया जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें एक नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हमले के शिकार हुए डॉक्टर दंपति के घर का सामान बिखरा पड़ा है। इससे लग रहा है कि बदमाश चोरी की नीयत से उनके घर में दाखिल हुए थे।

डॉक्टर दंपति की संतानें विदेश में हैं और हमले के वक्त सिर्फ पति-पत्नी ही घर में थे। पुलिस को अब तक बदमाशों के बारे में कोई सुराग नहीं मिला है।

वेबदुनिया पर पढ़ें