मध्यप्रदेश चुनाव : कार्यकर्ताओं में उभरा असंतोष

FILE
जबलपुर। महाकोशल अंचल में प्रमुख शहर के रूप में पहचान रखने वाले जबलपुर जिले के 8 विधानसभा क्षेत्र में से 3 विधानसभा सीटों पर भाजपा व कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ कार्यकर्ता का आक्रोश उभरकर सामने आया।

शहर के उत्तर-मध्य विधानसभा सीट पर कमलनाथ के समर्थक कहे जाने वाले नरेश सराफ को प्रत्याशी बनाए जाने से नाराज पार्टी के कई कार्यकताओं और मुस्लिम समुदाय के लोगों ने केंद्रीय मंत्री कमलनाथ के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला फूंका। इस मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र में कार्यकर्ताओं ने टिकट वितरण में केंद्रीय मंत्री पर मनमानी का आरोप लगाया है।

वहीं शहर के पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से भाजपा द्वारा चौथी बार प्रत्याशी घोषित किए गए हरेन्द्रजीत सिंह बब्बू के खिलाफ सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने बगावती तेवर अपना लिए हैं। बागी नेता गुरमीत सिंह माखीजा के निवास पर हुई बैठक में यह बात सामने आई है कि पार्टी यदि उनकी बात नहीं मानती है तो निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में वे नाम दाखिल करेंगे। वहीं इस क्षेत्र से एक अन्य नेता अशोक साहू ने भी बब्बू के खिलाफ विरोध दर्ज किया है।

टिकट वितरण में कांग्रेस पार्टी से नाराज होकर वरिष्ठ कांग्रेस नेता व पूर्व उपमहापौर सूरज जायसवाल ने कांग्रेस का हाथ छोड़कर जनता दल (यू) का दामन थाम लिया है। उन्होंने कांग्रेस पार्टी के नेताओं पर गंभीर आरोप लगाते हुए अपना त्यागपत्र प्रदेश अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया को भेज दिया है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक नहीं, कई कांग्रेस है जिनमें आगे उपनाम लगे हुए हैं जैसे कमलनाथ कांग्रेस, दिग्विजय कांग्रेस, भूरिया कांग्रेस, सिंधिया कांग्रेस । जायसवाल बरगी विधानसभा क्षेत्र से शुक्रवार को नामांकन पत्र भरेंगे।

वहीं जिले की ग्रामीण विधानसभा पनागर सीट पर दोनों पार्टी द्वारा घोषित किए गए अधिकृत प्रत्याशियो को लेकर कार्यकर्ताओं में बवाल मचा हुआ है। जहां कांग्रेस प्रत्याशी रूपेन्द्र पटेल का विरोध पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा किया जा रहा है वहीं भाजपा द्वारा वर्तमान विधायक नरेन्द्र त्रिपाठी की जगह पर इंदु तिवारी को प्रत्याशी बनाए जाने से कार्यकर्ता नाराज हैं। इस नाराजी को लेकर कार्यकर्ताओं द्वारा सांसद राकेश सिंह के निवास पर जमकर नारेबाजी की गई।

जिले के पाटन विधानसभा क्षेत्र से दूसरी बार प्रत्याशी बनाए गए भाजपा के कद्दावर नेता पशुपालन मंत्री अजय विश्नोई के विरुद्ध भी क्षेत्रीयता को लेकर कार्यकर्ताओं में रोष है। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें