मप्र में सत्ता पलटने का समय-ज्योतिरादित्य सिंधिया

शुक्रवार, 15 नवंबर 2013 (21:33 IST)
FILE
धार (मप्र)। केन्द्रीय ऊर्जा राज्यमंत्री तथा मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की चुनाव प्रचार अभियान समिति अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया ने लोगों से अपील की है कि प्रदेश में अब सत्ता रूपी रोटी को पलटने का समय आ गया है।

जिले में अपनी पार्टी के प्रत्याशियों के पक्ष में आज चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए सिंधिया ने कहा, दस वर्षों के कुशासन के बाद अब मध्यप्रदेश में सत्ता रूपी रोटी को पलटने का समय आ गया है और जनता ने अब भी इसे नहीं पलटा, तो इस रोटी के एक ओर से जलने का खतरा है।

उन्‍होंने भाजपा की सरकार पर आरोप लगाया कि दस साल में भ्रष्टाचार का बोलबाला रहा और प्रदेश को खनिज, शिक्षा, स्वास्थ्य, रेत माफियाओं ने खोखला कर दिया है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र से उनका पारिवारिक रिश्ता है और गंधवानी एवं बदनावर विधानसभा क्षेत्र के लोगों से उनके पिता माधवराव सिंधिया से दिल के रिश्ते थे, जो आज उनके अपने साथ अब भी कायम हैं। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें