मोदी का चुनाव प्रचार कांग्रेस के लिए शुभ संकेत-ज्योतिरादित्य सिंधिया

सोमवार, 18 नवंबर 2013 (22:01 IST)
FILE
इंदौर। मध्यप्रदेश में नरेन्द्र मोदी के चुनाव प्रचार करने से भाजपा को किसी तरह का फायदा होने की संभावना से इंकार करते हुए यहां विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का चेहरा माने जाने वाले ज्योतिरादित्य सिंधिया महसूस करते हैं कि गुजरात के मुख्यमंत्री का यहां आना उनकी पार्टी (कांग्रेस) के लिए शुभ संकेत है और यह प्रदर्शित करता है कि भाजपा आश्वस्त नहीं है।

केंद्रीय मंत्री और गुना से सांसद सिंधिया ने कहा कि राजनीति और जनसेवा मैराथन की तरह होती है, फर्राटा दौड़ नहीं। इस तरह उन्होंने यह संकेत देने का प्रयास किया कि वे राज्य की राजनीति में लम्बी पारी खेलने आए हैं। राहुल गांधी द्वारा गुटबाजी से घिरी कांग्रेस की प्रदेश इकाई के चुनाव प्रचार समिति का प्रमुख बनाए गए सिंधिया ने हालांकि उन दलीलों को खारिज कर दिया कि वे मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार हैं।

इंदौर से भोपाल के रास्ते में विमान में उन्होंने कहा कि वे अपनी लक्ष्मण रेखा पर कायम हैं कि वे पार्टी की चुनाव प्रचार समिति के प्रमुख हैं और वे यहां से भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए काम करने वाले पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की टीम का हिस्सा हैं।

सिंधिया को भाजपा शासित राज्य में कांग्रेस को मजबूत बनाने का दायित्व सौंपा गया है। उन्होंने याद दिलाया कि 1998 में मोदी को मध्यप्रदेश में भाजपा का चुनाव प्रभारी बनाया गया था और तब कांग्रेस सत्ता में वापस लौटी थी। उन्होंने कहा, स्पष्ट तौर पर वे (भाजपा) मध्यप्रदेश में स्थितियों को लेकर आश्वस्त नहीं है।

जहां तक मोदी का सवाल है, उनका मध्यप्रदेश में स्वागत है। वे मध्यप्रदेश के लिए अनजान नहीं हैं। वे 1998 में मध्यप्रदेश चुनाव के लिए अपनी पार्टी के प्रभारी रहे हैं, जब भाजपा को शिकस्त मिली थी और कांग्रेस सरकार बनी थी।

सिंधिया ने कहा, जब भी मोदी विधानसभा चुनाव में आते हैं, कांग्रेस सत्ता में आती हैं। चाहे वह कर्नाटक, हिमाचल, उत्तराखंड हो, इसलिए उनका मध्यप्रदेश में स्वागत है। वे हमारे लिए शुभ शगुन हैं। मोदी मध्यप्रदेश में चुनाव प्रचार कर रहे हैं । उनकी एक रैली गुना में हैं, जबकि अन्य छतरपुर, सागर और राज्य की राजधानी भोपाल में है।

केंद्रीय मंत्रिमंडल के युवा मंत्री ग्वालियर से इंदौर और राज्य के अन्य हिस्सों का दौरा कर रहे हैं और लोगों को यह भरोसा दिलाने का प्रयास कर रहे हैं कि कांग्रेस यहां एकजुट है और भाजपा सरकार को बदलने का समय आ गया है। उन्होंने यहां भाजपा की सरकार पर भ्रष्टाचार में डूबे होने का आरोप लगाया।

केंद्रीय मंत्री 60 विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर चुके हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि चुनाव प्रचार समाप्त होने तक वे 150 रैलियों को संबोधित कर सकेंगे। सिंधिया ने हालांकि इस सवाल का कोई जवाब नहीं दिया कि क्या पार्टी के क्षेत्रीय छत्रपों का क्षेत्र तय है और कोई किसी के क्षेत्र में प्रवेश नहीं कर रहा है।

यह पूछे जाने पर कि लोग क्यों शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व वाली सरकार को बदलना चाहते हैं, सिंधिया ने कहा, कुशासन, भ्रष्टाचार, अर्थव्यवस्था की हालत के साथ आदिवासियों एवं अनुसूचित जातियों के लोगों की स्थिति के कारण (लोग ऐसा चाहते हैं), क्योंकि यह एक ऐसी सरकार है जो भ्रष्टाचार में डूबी है।

कांग्रेस के चुनाव घोषणा पत्र को सकारात्मक करार देते हुए सिंधिया ने इसे मृत्यु से पहले की घोषणा करार दिए जाने के लिए मुख्यमंत्री की आलोचना की। सिंधिया ने कहा, जब लोग सत्ता में अहंकारी हो जाते हैं और इस तरह का बयान देते हैं, तब उनका पराभव शुरू हो जाता है। मेरा मानना है कि राजनीति में गरिमा होनी चाहिए जिसका भाजपा में अभाव है। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें