मंत्री बाबूलाल गौर की 'गंदी हरकत' (वीडियो)

भोपाल। अपने विवादित बयानों के लिए आए दिन सुर्खियों में रहने वाले मध्यप्रदेश के बुजुर्ग मंत्री बाबूलाल गौर इस बार नए विवाद में घिर गए हैं। इस बार वे एक महिला के साथ अश्लील हरकत करते हुए वीडियो में दिखाई दिए हैं। हालांकि यह उन्होंने जानबूझकर किया या फिर महज एक संयोग था, इसका खुलासा नहीं हो पाया। 
 
मध्यप्रदेश के 82 वर्षीय गृहमंत्री गौर का एक वीडियो सामने आया। इसमें वे बस में चढ़ रही एक महिला को गलत तरीके से छूते दिखाई दे रहे हैं। दरअसल, गौर गुरुवार को राजधानी भोपाल के बरखेड़ा पठानी इलाके में नई बसों की शुरुआत करने गए थे।
 
बस को हरी झंडी दिखाने के बाद महिलाएं उसमें चढ़ने लगीं। कतार में जा रही एक महिला को गौर ने पीछे थपकी मार दी। महिला ने भी इस हरकत पर गौर किया और पलटकर भी देखा, लेकिन वह फिर बस में चढ़ गई। गौर का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। 
 
हालांकि गौर का विवादों से पुराना नाता रहा है। एक कार्यक्रम में बाबूलाल ने कहा था कि 'एक बार कुछ रूसी महिलाओं ने मुझसे पूछा कि मैं बिना चेन अथवा बेल्‍ट की मदद से धोती कैसे पहनता हूं। मैंने कहा कि मैं खोलकर कैसे दिखाऊं। इस तकनीक को सीखने के लिए आपको अकेले मुझसे मिलना होगा।
गौर ने व्यापमं से जुड़ीं मौतों पर भी विवादित बयान दिया था। इन मौतों को सामान्य बताते गौर ने कहा था कि जो दुनिया में आता है उसे जाना ही है।

वेबदुनिया पर पढ़ें