चौहान-मेनन को मिल रहा अवैध कमाई का हिस्सा : भूरिया

सोमवार, 30 मार्च 2015 (19:12 IST)
-संजय जैन
 
झाबुआ। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नंदकुमारसिंह चौहान और संगठन मंत्री अरविंद मेनन को प्रदेश में चल रहे अवैध धंधों की कमाई से मोटी रकम नियमित रूप से भेजी जा रही है, इसीलिए इन्हें संरक्षण मिल रहा है। 
 
यह आरोप सोमवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में पत्रकार वार्ता में पूर्व केन्द्रीय मंत्री और पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया ने लगाया। 
 
उन्होंने कहा कि भाजपा के जिला अध्यक्ष शैलेष दुबे, थोक भंडार के अध्यक्ष विजय नायर सहित अन्य सहयोगियों द्वारा पुलिस थाने के सामने ही जिला भाजपाध्यक्ष के मकान में ही क्रिकेट का सट्टा लम्बे अरसे से चलाया जाता रहा है। इन कमाऊ बेटों को प्रदेश भाजपा के पदाधिकारी मदद करने में कोई कसर नहीं रख रहे हैं।
 
बधाई का कार्य : भाजपा नेता के अवैध सट्टे के धंधे पर छापा मारकर जो कार्य किया है,  वह पुलिस और प्रशासन के लिए बधाई का कार्य है। जिला कांग्रेस जिले की जनता की ओर से प्रशासन एवं पुलिस को इस निर्भीकता के लिए धन्यवाद देती है। पुलिस जब छापा मारने गई, तब उसे गेट पर ही धमकाया गया तथा उलझाए रखा। इस बीच लाखों रुपए के साथ ही गुजरात, राजस्थान के सटोरियों को इधर-उधर करवा दिया गया। पुलिस कुछ ही रकम बरामद कर पाई। 
 
भूरिया ने मांग की कि जिला भाजपा अध्यक्ष सहित जो भी लोग इसमें संलिप्त रहे हैं, उन पर भी कठोरतम कार्रवाई की जाए अन्यथा इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस सड़कों पर उतर कर आन्दोलन करने में पीछे नहीं रहेगी। 
 

वेबदुनिया पर पढ़ें