मिशन 2023 के लिए वोटरों पर BJP के ‘त्रिदेव’ की नजर, अध्यक्ष वीडी शर्मा का ‘स्मार्ट कार्ड’ का दांव

विकास सिंह

गुरुवार, 27 जनवरी 2022 (17:57 IST)
भोपाल। मिशन 2023 के लिए भाजपा ने अपना चुनावी एक्शन प्लान तैयार कर लिया है। 10 दिवसीय बूथ विस्तारक योजना के माध्यम से मध्यप्रदेश भाजपा इन दिनों बूथ को मजबूत करने पर फोकस कर रही है। 2023 के विधानसभा चुनाव में पार्टी का वोट शेयर को 51 फीसदी करने के लिए भाजपा प्रदेश वीडी शर्मा लगातार प्रदेश के विभिन्न अंचलों में जिलों में बूथ तक पहुंचकर बूथ कार्यकर्ताओं को फिर से रिचार्ज कर रहे है। 
 
उज्जैन में भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा बूथ को मजबूत करने के लिए पार्टी अब बूथ कार्यकर्ता को सम्पदा स्मार्ट कार्ड देगी। पार्टी बूथ अध्यक्ष, महामंत्री, और बीएलए को बूथ का ‘त्रिदेव’ मानते हुए उन्हें स्मार्ट कार्ड देगी। सम्पदा स्मार्ट कार्ड में त्रिदेव का यूनिक नंबर और उनका परिचय होगा, जिससे पार्टी का शीर्ष नेतृत्व भी उनसे कभी भी सीधे संपर्क कर सके। 

क्या है सम्पदा स्मार्ट कार्ड?-मिशन 2023 की तैयारी में जुटी भाजपा "बूथ के त्रिदेव" अर्थात बूथ अध्यक्ष, बूथ महामंत्री, बी.एल. ए. को "सम्पदा" स्मार्ट आईडी कार्ड देगी। कार्ड में सभी का यूनिक नंबर के साथ परिचय होगा। बूथ के त्रिदेव और पन्ना प्रमुखों को यह "सम्पदा" स्मार्ट आईडी और पहचान पत्र देने का उद्देश्य यह है कि हम अपने बूथ स्तर के नेतृत्व को संगठन में सम्मान, पहचान और दायित्व देने के लिए काम कर रही है। यह "सम्पदा" स्मार्ट आईडी डिजिटलाइज होने वाले बूथों के अंतर्गत फीड किये गए "त्रिदेव" के लिए संभव होंगे। यही व्यवस्था पन्ना प्रमुखों पर लागू होगी।
 
बूथों के डिजिटलकरण करने पर जोर-मिशन 2023 की तैयारी में जुटी पार्टी कुशाभाऊ ठाकरे जन्मशती वर्ष में संगठन पर्व के तहत बूथ विस्तारक योजना चला रही है। जिसमें मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, मंत्री से लेकर सांसद और विधायक विस्तारक के रूपों में बूथों पर पहुंच रहे हैं।

बूथ विस्तारक बूथ पर जाकर बूथ समिति को रजिस्टर के साथ-साथ संगठन ऐप में कर रहे हैं। संगठन एप में बूथ समिति, बूथ अध्यक्ष, बूथ महामंत्री और बीएलए सहित पूरी समिति और पन्ना प्रमुख पन्ना समिति के साथ ही की वोटर्स के नाम लिखे जा रहे हैं। 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी