भोपाल। मंगलवार को मध्यप्रदेश भाजपा को नया अध्यक्ष मिल जाएगा। भाजपा ने नए अध्यक्ष के चुनाव के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। भाजपा से जुड़े सूत्रों के मुताबिक प्रदेश भाजपा अध्यक्ष का चुनाव निर्विरोध तरीके से होगा, इसलिए मंगलवार शाम ही प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा कर दी जाएगी।
ALSO READ: हेमंत खंडेलवाल हो सकते है मध्यप्रदेश भाजपा के नए अध्यक्ष, कई अन्य दिग्गज भी रेस में?
प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव को लेकर प्रदेश निर्वाचन अधिकारी विवेक नारायण शेजवलकर ने कहा कि अध्यक्ष के चुनाव को लेकर राज्य निर्वाचक मंडल की सूची का प्रकाशन किया गया है। प्रदेश संगठन पर्व के तहत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र एक जुलाई को शाम 4.30 बजे से 6.30 बजे तक जमा किए जाएंगे। एक जुलाई को ही शाम 6.30 से 7.30 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच होगी। इसके बाद शाम 7.30 से 8.30 बजे तक नामांकन पत्र वापस लिए जा सकेंगे। एक जुलाई को रात 8.30 बजे नामांकन पत्रों की अंतिम सूची की घोषणा की जाएगी। इसके साथ ही विवेक नारायण शेजवलकर ने कहा कि अ आवश्यक होने पर प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए दो जुलाई को प्रातः 11 बजे से 2 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतों की गिनती के पश्चात दोपहर 2 बजे चुनाव परिणाम की घोषणा की जाएगी।