Madhya Pradesh News : मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी सरकार के एक साल पूरे होने पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बुधवार को अपने प्रशासन के विकास कार्यों को शुरू करने और कल्याणकारी योजनाओं से अधिक पात्र लोगों को जोड़ने के लिए 2 कार्यक्रमों की शुरुआत की। जनकल्याण पर्व और मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान दिसंबर-जनवरी के दौरान अलग-अलग तिथियों पर चलाए जाएंगे। जनकल्याण पर्व के दौरान कई विकास कार्यों की आधारशिला रखी जाएगी और कई पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा। योजनाओं का लाभ लेने के पात्र गरीब परिवारों, युवाओं, किसानों और महिलाओं की पहचान सर्वेक्षण के जरिए की जाएगी और उन्हें इन योजनाओं से जोड़ा जाएगा।
मुख्यमंत्री यादव ने कहा, यह एक सुखद संयोग है कि आज अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती के अवसर पर जनकल्याण पर्व और मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान की शुरुआत हो रही है। 11 से 26 दिसंबर तक चलने वाले जनकल्याण पर्व के दौरान कई विकास कार्यों की आधारशिला रखी जाएगी और कई पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा।
यादव ने बताया कि 11 दिसंबर से 26 जनवरी तक चलने वाले जनकल्याण अभियान के दौरान विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के पात्र गरीब परिवारों, युवाओं, किसानों और महिलाओं की पहचान सर्वेक्षण के जरिए की जाएगी और उन्हें इन योजनाओं से जोड़ा जाएगा।
समारोह में मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों के बैंक खातों में लाड़ली बहना योजना के 1,572 करोड़ रुपए और रसोई गैस भरवाने के लिए 350 करोड़ रुपए अंतरित किए। उन्होंने विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के 55 लाख लाभार्थियों के बैंक खातों में 334.38 करोड़ रुपए अंतरित किए।
इस अवसर पर यादव ने श्रीमद्भगवद्गीता के सबसे बड़े सामूहिक पाठ का नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने वाले 3,721 आचार्यों (धार्मिक शिक्षकों) और बटुकों (वैदिक छात्रों) को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवद्गीता गूगल पर सबसे अधिक खोजा जाने वाला ग्रंथ है और ऑनलाइन उपयोगकर्ताओं के बीच सबसे अधिक जिज्ञासा पैदा करता है।