MP में बड़ी प्रशासनिक सर्जरी, एक दर्जन IAS अधिकारियों के तबादले

रविवार, 31 दिसंबर 2023 (19:50 IST)
भोपाल। मध्यप्रदेश में मंत्रियों के बीच विभागों के वितरण के एक दिन बाद आज राज्य सरकार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के लगभग एक दर्जन अधिकारियों के तबादला और नवीन पदस्थापना संबंधी आदेश जारी किए, जिसमें मुख्यमंत्री के गृह जिला उज्जैन के कलेक्टर भी प्रभावित हुए हैं।
 
इस आदेश के तहत वर्ष 2000 बैच के आईएएस अधिकारी संदीप यादव को जनसंपर्क आयुक्त पद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गयी है। यादव जनसंपर्क विभाग के अलावा विमानन विभाग के सचिव का दायित्व भी निभाएंगे। उन्हें मध्यप्रदेश माध्यम के प्रबंध संचालक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

यादव अब तक प्रमुख राजस्व आयुक्त के पद पर कार्यरत थे। हाल में जनसंपर्क आयुक्त बनाए गए विवेक पोरवाल को प्रमुख राजस्व आयुक्त का दायित्व दिया गया है। वे अब तक मुख्यमंत्री के सचिव के साथ ही विमानन और जनसंपर्क विभाग के सचिव भी थे।
 
मुख्यमंत्री के गृह जिला उज्जैन के कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम को सामान्य प्रशासन विभाग में उप सचिव बनाया गया है। नर्मदापुरम के कलेक्टर नीरज कुमार सिंह को उज्जैन कलेक्टर पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बैतूल कलेक्टर अमनबीर सिंह बैंस को गुना कलेक्टर बनाया गया है। राज्य बीज एवं फार्म विकास निगम के प्रबंध संचालक नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी को बैतूल कलेक्टर पदस्थ किया गया है।
 
आदिम जाति क्षेत्रीय विकास योजनाएं विभाग की संचालक सोनिया मीना को नर्मदापुरम कलेक्टर पदस्थ किया गया है। उज्जैन नगर निगम आयुक्त रौशन कुमार सिंह को भोपाल स्मार्ट सिटी में मुख्य कार्यपालन अधिकारी बनाया गया है। जबलपुर नगर निगम आयुक्त स्वप्निल वानखेड़े को को संस्थागत वित्त विभाग में आयुक्त सह संचालक बनाया गया है। वाणिज्यिक कर विभाग की प्रमुख सचिव दीपाली रस्तोगी को सहकारिता विभाग के प्रमुख सचिव का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है। श्रीमती स्मिता भारद्वाज को सहकारिता विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। Edited By : Sudhir Sharma

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी