युवती का सौदा करने वाली 6 महिलाएं गिरफ्तार

मंगलवार, 23 मई 2017 (23:42 IST)
मंदसौर (मप्र)। पुलिस ने लड़कियों की खरीद-फरोख्त करने के आरोप में 6 महिलाओं को गिरफ्तार कर इनके चंगुल से 19 वर्षीय एक आदिवासी युवती को मुक्त कराया है। ये महिलाएं एक आदिवासी युवती को शादी का झांसा देकर 2.5 लाख रुपए  में उसका सौदा कर थीं।
 
पुलिस अधीक्षक अमित सिंह ने मंगलवार को बताया कि कुछ महिलाओं द्वारा लड़कियों को बेचने के संबंध में मानव व्यापार होने की सूचना मिली थी। इस पर सोमवार 22 मई की शाम को जावरा की हुसैन टेकरी स्थित एक लॉज पर दबिश दी गई। उन्होंने बताया कि यहां 6 महिलाएं एक आदिवासी युवती को शादी का झांसा देकर 2.5 लाख रुपए  में उसका सौदा कर थीं।
 
सिंह ने बताया कि लड़की और उसकी चाची को जब लगा कि लड़की का सौदा किया जा रहा है तो उन्होंने चिल्लाना शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लड़की का सौदा कर रही 6 महिलाओं को रंगेहाथों दबोच लिया जबकि एक युवक फरार हो गया।
 
उन्होंने बताया कि मानव व्यापार के आरोप में 6 महिलाओं तुलसीबाई भील, संगीता, कृपाबाई डामोर, लीलाबाई बागरी, रुखसाना मुलतानी और सविता कटारा को भादंवि की धारा 370, धारा 420 के तहत गिरफ्तार किया गया है।
 
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार महिलाओं से पूछताछ की जा रही है। यह सभी आसपास के अलग-अलग स्थानों की रहने वाली हैं। उन्होंने कहा कि पूछताछ में लड़कियों की खरीद-फरोख्त करने वाले एक बड़े गिरोह का पता लगने की संभावना है और इनके साथ पुरुषों के भी शामिल होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें