Maharashtra Assembly Elections 2024 : महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए शिवसेना ने 45 नामों का किया ऐलान , कोपड़ी पाचपाखाडी से शिंदे उम्मीदवार

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

बुधवार, 23 अक्टूबर 2024 (00:07 IST)
Maharashtra Assembly Elections 2024 : विधानसभा चुनाव के लिए शिवसेना ने अपने 45 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे कोपरी-पचपखाड़ी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। सदा सर्वणकर को राज ठाकरे के बेटे अमित ठाकरे के खिलाफ माहिम से मैदान में उतारा गया है।

मनसे की लिस्ट, राज ठाकरे के बेटे माहिम से उम्मीदवार 
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के अध्यक्ष राज ठाकरे के बेटे अमित ठाकरे महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में मध्य मुंबई की माहिम सीट से चुनाव लड़ेंगे। महाराष्ट्र चुनाव के लिए पार्टी की ओर से जारी उम्मीदवारों की सूची में यह जानकारी सामने आई।
 
अमित, ठाकरे परिवार से चुनाव लड़ने वाले तीसरे व्यक्ति होंगे। उनके पिता मनसे के प्रमुख राज ठाकरे ने कभी कोई चुनाव नहीं लड़ा है। शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे के बेटे और अमित के चचेरे भाई आदित्य ठाकरे ने 2019 के विधानसभा चुनावों में वर्ली सीट से जीत हासिल की थी। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बनने के बाद उद्धव ठाकरे खुद 2020 में विधान परिषद के लिए चुने गए।
 
उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना का मुख्यालय भी माहिम विधानसभा क्षेत्र में स्थित है। माहिम विधानसभा क्षेत्र 1990 से हमेशा अविभाजित शिवसेना या मनसे के पास रहा है। 2009 में मनसे के नितिन सरदेसाई ने यहां से जीत हासिल की थी।
 
मनसे ने 20 नवंबर को होने वाले महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए अपने 45 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है और इसमें से 16 सीटें मुंबई में हैं। पार्टी ने दक्षिण-मध्य मुंबई के वर्ली से संदीप देशपांडे को चुनावी मैदान पर उतारा है, जहां उनका मुकाबला शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे से होने की संभावना है।
 
मौजूदा विधानसभा में मनसे के एकमात्र विधायक प्रमोद पाटिल को ठाणे जिले की कल्याण ग्रामीण विधानसभा सीट से दोबारा उम्मीदवार बनाया गया है। पार्टी ने ठाणे शहर से अविनाश जाधव को मैदान पर उतारा है। इनपुट भाषा

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी