Heavy overnight rain in Mumbai : मुंबई और इसके उपनगरों में शनिवार रात भारी बारिश (heavy rains) हुई जिससे निचले इलाकों में पानी भर गया और उपनगरीय रेल सेवाएं (sub urban rail services) प्रभावित हुईं। कुछ जगहों पर 200 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रेड अलर्ट जारी किया है जिसमें महानगर में 2 दिन तक भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। बृहन्मुंबई महानगर पालिका (BMC) ने लोगों से अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की अपील की है।
पटरियों पर जलभराव से उपनगरीय रेल सेवाएं भी प्रभावित हुईं : मध्य और पश्चिमी रेल मार्गों पर कई स्थानों पर पटरियों पर जलभराव होने के कारण मुंबई की उपनगरीय रेल सेवाएं भी प्रभावित हुईं। सुबह दादर, कुर्ला, सायन, चूनाभट्टी, तिलक नगर सहित अन्य रेलवे स्टेशनों पर पटरियों पर पानी भर गया जिससे मध्य रेलवे की मुख्य और हार्बर लाइन पर परिचालन बुरी तरह बाधित हुआ तथा पश्चिमी रेलवे की रेल सेवाएं भी देरी से चलीं।
आईएमडी के अनुसार शुक्रवार सुबह 8.30 बजे से शनिवार सुबह 5.30 बजे के बीच मुंबई के कई हिस्सों में 200 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई। पूर्वी उपनगर विक्रोली में सबसे अधिक 248.5 मिलीमीटर, उसके बाद सांताक्रूज में 232.5 मिलीमीटर, सायन में 221 मिलीमीटर और जुहू में 208 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। दक्षिण मुंबई की तुलना में उपनगरों में बारिश की तीव्रता अधिक रही, जहां इस दौरान कोलाबा में सिर्फ 70 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।(भाषा)