भाजपा में शामिल हुए मणिपुर के पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष

रविवार, 1 अगस्त 2021 (13:17 IST)
नई दिल्ली। कांग्रेस की मणिपुर इकाई के पूर्व अध्यक्ष गोविनदास कोंथूजाम ने रविवार को भाजपा का दामन थाम लिया। कोंथूजाम ने निजी कारणों का हवाला देते हुए कुछ दिनों पहले ही मणिपुर कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। 
 
राजधानी स्थित भाजपा मुख्यालय में मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बिरेन सिंह, राज्य के केंद्रीय प्रभारी संबित पात्रा और राज्यसभा सदस्य व पार्टी के मीडिया विभाग के प्रभारी अनिल बलूनी की मौजूदगी में कोंथूजाम को भाजपा की सदस्यता दिलाई गई। इस अवसर पर बलूनी ने कहा कि हम भाजपा परिवार में उनका स्वागत करते हैं।
 
पात्रा ने कहा कि कोंथूजाम न सिर्फ मणिपुर, बल्कि समूचे पूर्वोत्तर का एक जाना-माना चेहरा हैं और उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काम से प्रभावित होकर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री मोदी के विकास कार्यों पर मुहर है।
 
मुख्यमंत्री बिरेन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा के कामकाज से मणिपुर की जनता बहुत प्रभावित है तथा वह भाजपा से जुड़ना चाहती है।
 
कोंथूजाम ने इस अवसर पर कहा कि पार्टी के लिए मैं पूरे मन से काम करूंगा और पार्टी का जो भी आदेश होगा, उसके अनुसार काम करूंगा। अगले साल विधानसभा चुनाव में भाजपा को पूर्ण बहुमत दिलाकर सत्ता में वापसी के लिए दिल लगाकर काम करूंगा। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी