Apple की चाल से चीन को लगेगा बड़ा झटका, भारत में बनेगा iPhone16 Pro

राम यादव

सोमवार, 26 अगस्त 2024 (16:56 IST)
iPhone 16 Pro will be made in India : गांठ के पूरे लोगों की पसंद के मंहगे 'आईफोन' (iPhone) बनाने वाली अमेरिकी कंपनी एपल (Apple) का नाम भारत में कौन नहीं जानता!  पिछले 50 वर्षों से दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ती यह कंपनी भारत में अब अपने कारोबार का बड़े पैमाने पर विस्तार करने जा रही है।
 
एपल का मानना है कि भारतीय उपमहाद्वीप पर उसकी कारोबारी सफलता उससे भारत में और अधिक प्रतिबद्धता की मांग करती है। पिछले 50 वर्षों में भारत में कोई भी कंपनी इतनी तेजी से फली-फूली नहीं है, जिस तेजी से एपल ने अपनी धाक जमाई है।
 
एपल के अनुसार वित्त वर्ष 2024 में भारत में उसकी बिक्री बढ़कर 23.5 अरब डॉलर हो जाएगी, जो पिछले साल 13.9 अरब डॉलर थी। एपल का भारत में ही अपने 'आईफोन'  के निर्माण सहित सारा कारोबार इस बीच 20 गुना बढ़ गया है।
 
iPhone16 Pro भारत में बनेगा : एपल इस साल भारत में अपने शीर्ष स्मार्टफोन मॉडल iPhone16 Pro का उत्पादन भी शुरू कर देगा। अमेरिका की वित्तीय समाचार एजेंसी 'ब्लूमबर्ग' की एक रिपोर्ट के अनुसार एपल का सबसे महत्वपूर्ण भारतीय iPhone निर्माता इस साल दक्षिणी भारत में तमिलनाडु की एक बड़ी फैक्टरी में iPhone16 Pro और iPhone16 Pro Max की अंतिम असेंबली शुरू करने वाला है।
 
आरंभ में यह स्पष्ट नहीं था कि नए आईफोन भारतीय बाजार में बिकने के अतिरिक्त, किन अन्य देशों में निर्यात भी किए जाएंगे। चीन अभी भी एपल के आईफोनों का सबसे महत्वपूर्ण विनिर्माण स्थान है और फॉक्सकॉन वहां का सबसे प्रमुख उत्पादक है। हालांकि एपल कई वर्षों से चीन पर अपनी निर्भरता कम करने के लिए भी प्रयत्नशील है।
 
हाल ही में यह कहा जा रहा था कि Apple के हर 7 में से एक आई फ़ोन को "भारत में असेंबल" किया जाएगा। उस समय iPhone16 Pro और iPhone Pro Max नाम वाले नए हाई-एंड मॉडलों की कोई चर्चा नहीं थी। iPhone16 Pro और Pro Max की इसी सितंबर में बिक्री शुरू होने की चर्चा है। कहा जा रहा है कि "कुछ ही सप्ताहों के भीतर" तमिलनाडु में उनका उत्पादन शुरू हो जाएगा।
 
कर्मचारियों को ट्रेनिंग : इन नए और अधिक मंहगे मॉडलों के निर्माण के लिए तमिलनाडु में इस समय हजारों कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। iPhone 16 का वैश्विक लॉन्च 'जितना संभव हो सके' भारत में भी करने का प्रयास किया जायेगा। 'ब्लूमबर्ग' के अनुसार, यह एपल कंपनी के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर होगा, यह देखते हुए कि भारत में उसके आईफोन का उत्पादन वास्तव में 2021 में शुरू हुआ था।
 
Apple पहले चीन में चली अपनी दोहरी रणनीति के समान ही भारत में भी दोहरी रणनीति अपना रहा है। भारत से पहले उसने दुनिया के सबसे अधिक आबादी वाले देश चीन को दुनिया में अपने एक महत्वपूर्ण विनिर्माण स्थान एवं बाज़ार में बदला और अब यही रणनीति भारत में अपना रहा है, क्योंकि भारत ही अब दुनिया में सबसे अधिक जनसंख्या वाल देश बन गया है।
ALSO READ: क्या कन्फर्म हुई iPhone 16 की लॉन्च तारीख, leaked poster से हुआ बड़ा खुलासा
सभी मॉडलों का 14 प्रतिशत उत्पादन भारत में : अब कहा जा रहा है कि एपल के सभी आईफ़ोन मॉडलों का 14 प्रतिशत तक भारत में ही निर्मित होगा। भारत में बने एपल के आईफ़ोनों का निर्यात पिछले साल 15 अरब डॉलर तक पहुंच गया था।
 
भारतीय बाज़ार में भी अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने की एपल के पास अभी भी काफ़ी गुंजाइश है; वर्तमान में यह हिस्सेदारी लगभग 6 प्रतिशत के बराबर है। भारत में तो अपने पास एपल का आईफ़ोन होना ऐसा प्रतिष्ठा-प्रतीक (स्टेटस सिंबल) बन गया है, जो यथासंभव हर कोई अपने लिए चाहता है।
ALSO READ: Apple Iphone : सस्ते हुए एप्पल के आईफोन, जानिए कितनी कम हुई कीमत...
'ब्लूमबर्ग' की रिपोर्ट के अनुसार iPhone 16 और 16 Plus की बिक्री के साथ एपल भारत में बने अपने नए फ़ोन पेश करेगा। फॉक्सकॉन के अलावा पेगाट्रॉन और टाटा भी एपल के ''प्रो वेरिएंट'' के उत्पादन में शामिल होने वाले हैं। हालांकि इनमें से किसी भी कंपनी ने 'ब्लूमबर्ग' की इस रिपोर्ट पर अभी तक टिप्पणी नहीं की है। 
 
हाल ही में भारत में फॉक्सकॉन फैक्टरी में विवाहित महिलाओं के साथ कथित भेदभाव को लेकर एक विवाद छिड़ गया था। ऐसे विवाद विदेशी कंपनियों से अधिक भारत की प्रतिष्ठा को आंच पहुंचाते हैं। इससे चीन जैसे भारत के प्रतिस्पर्धियों को ही खुशी मिलेगी।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी