राष्ट्रपति ने दी इसरो की टीम को बधाई

सोमवार, 30 जून 2014 (17:10 IST)
FILE
नई दिल्ली। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने रॉकेट पीएसएलवी सी-23 के सफल प्रक्षेपण के लिए सोमवार को अंतरिक्ष एजेंसी इसरो को बधाई देते हुए कहा कि यह देश की अंतरिक्ष क्षमताओं की प्रगति में मील का एक महत्वपूर्ण पत्थर है।

पीएसएलवी सी-23 के जरिए भारत ने 4 देशों के 5 विदेशी उपग्रह प्रक्षेपित किए और पीएसएलवी सी-23 ने सभी को उनकी निर्दिष्ट कक्षा में स्थापित भी कर दिया।

इसरो के अध्यक्ष डॉ. के. राधाकृष्णन को भेजे अपने संदेश में राष्ट्रपति ने कहा कि मैं आपको और भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) में आपकी टीम को पीएसएलवी सी-23 के जरिए 4 देशों के 5 उपग्रहों के सफल प्रक्षेपण के लिए बधाई देता हूं।

राष्ट्रपति ने कहा कि देश इस महत्वपूर्ण उपलब्धि से गौरवान्वित है, जो कि हमारी अंतरिक्ष क्षमताओं की प्रगति में मील का एक महत्वपूर्ण पत्थर है। उन्होंने इस मिशन से जुड़े वैज्ञानिकों, इंजीनियरों, प्रौद्योगिक विशेषज्ञों और अन्य सभी को बधाई दी। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें