विदेश मंत्री जयशंकर की पाकिस्तान को खरी-खरी, खाली करना होगा PoK, जानिए कितना हिस्सा है पाकिस्तान के पास
Jaishankar on Pakistan occupied Kashmir: भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने परोक्ष रूप से पाकिस्तान को खरी-खरी सुना दी है। उन्होंने कहा कि कश्मीर समस्या का एकमात्र हल यह है कि पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर को खाली करना होगा। गौरतलब है कि पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर का एरिया 5134 वर्ग मील यानी करीब 13 हजार 296 वर्ग किलोमीटर है। भारत के विदेश मंत्री ने ब्रिटेन में कहा कि कश्मीर समस्या का हल हो जाएगा, हमें उसके चुराए गए हिस्से यानी पीओके की वापसी का इंतजार है।
कितना हिस्सा है पाकिस्तान के पास : दरअसल, भारत के विभाजन और पाकिस्तान के अलग देश बनने के पहले जम्मू और कश्मीर डोगरा रियासत थी और इसके महाराजा हरिसिंह थे। अगस्त 1947 में पाकिस्तान बना और करीब 2 महीने बाद करीब 2.06 लाख वर्ग किलोमीटर में फैली जम्मू और कश्मीर की रियासत भी बंट गई। कहा यह जाता रहा है कि महाराजा हरिसिंह के देरी से लिए गए निर्णय और जवाहरलाल नेहरू के यूएन में जाने से जम्मू और कश्मीर बंट गया। महाराजा हरिसिंह को स्थानीय कमांडर कर्नल मिर्जा हसन खान के विद्रोह का सामना करना पड़ा। खान ने 2 नवंबर 1947 को गिलगित-बाल्टिस्तान की आजादी का ऐलान कर दिया। हालांकि इससे 2 दिन पहले 31 अक्टूबर 1947 को हरिसिंह ने रियासत के भारत में विलय को मंजूरी दे दी थी।
पाकिस्तान ने 2009 में बचे हुए पीओके के 2 टुकड़े कर दिए। एक का नाम गिलगित-बाल्टिस्तान रहा, तो दूसरे का नाम 'आजाद कश्मीर'। यह 'आजाद कश्मीर' दरअसल जम्मू का ही एक हिस्सा है। पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) के पास अनुमानित 5,134 वर्ग मील यानी करीब 13 हजार 296 वर्ग किलोमीटर इलाका है। मुजफ्फराबाद इसकी राजधानी है और इसमें 10 जिले हैं। जबकि, गिलगित बाल्टिस्तान लद्दाख का हिस्सा है। इसमें करीब 28 हजार 174 वर्ग मील यानी करीब 72 हजार 970 वर्ग किलोमीटर इलाका है। गिलगित-बाल्टिस्तान में भी 10 जिले हैं। इसकी राजधानी गिलगित है।