दिल्ली में नववर्ष की पूर्व संध्या पर बिकी 24 लाख बोतल शराब

Webdunia
मंगलवार, 2 जनवरी 2024 (18:07 IST)
24 lakh bottles of liquor sold in Delhi : दिल्ली में नए साल (New Year) की पूर्व संध्या पर शराब की 24 लाख बोतलों (24 lakh bottles) की बिक्री दर्ज की गई, जो 2022 की इसी तारीख से लगभग 18 प्रतिशत अधिक है। आबकारी विभाग (Excise Department) के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार दिसंबर 2022 में 520 दुकानों के नेटवर्क के माध्यम से 3,99,60,509 (3.99 करोड़) शराब की बोतलें बेची गईं। दिसंबर, 2023 में 635 दुकानों से 4,97,80,240 (4.97 करोड़) बोतलें बेची गईं।
 
आंकड़े के अनुसार नए साल की पूर्व संध्या (31 दिसंबर) पर 24,00,726 (24 लाख) शराब की बोतलें बेची गईं, जो दिसंबर, 2023 के दौरान 1 दिन की सबसे अधिक बिक्री है। 31 दिसंबर, 2022 को 20,30,664 (20.30 लाख) बोतलों की बिक्री दर्ज की गई। यह उस महीने के लिए 1 दिन की सबसे अधिक बिक्री का आंकड़ा भी है।
 
दूसरी सबसे बड़ी बिक्री क्रिसमस की पूर्व संध्या पर : दिसंबर, 2023 में दूसरी सबसे बड़ी बिक्री क्रिसमस की पूर्व संध्या (24 दिसंबर) को दर्ज की गई, जब 19,42,717 (19.42 लाख) बोतलें बेची गईं। आंकड़ों से पता चलता है कि 2022 में इसी दिन 14,69,357 (14.69 लाख) बोतलें बेची गईं। आंकड़ों से यह भी पता चला कि 30 दिसंबर, 2023 को 17,79,379 (17.79 लाख) शराब की बोतलें बेची गईं जबकि 2022 में उसी दिन 14,66,353 (14.66 लाख) बोतलें बेची गईं।
 
वर्ष 2023 में सबसे कम बिक्री 5 दिसंबर को दर्ज की गई, जब 12,84,222 (12.84 लाख) बोतलें बेची गईं जबकि 2022 में इसी दिन 13,81,531 (13.81 लाख) बोतलें बेची गईं। वर्ष 2022 में सबसे कम बिक्री 4 दिसंबर को दर्ज की गई थी, जब 9,03,835 (9.03 लाख) बोतलें बिकी थीं। दिसंबर, 2023 में शराब की बोतलों की बिक्री हर दिन 10 लाख से अधिक रही।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta

सम्बंधित जानकारी

अगला लेख