पश्चिम बंगाल में फिर कैश कांड, झारंखड में 3 कांग्रेस विधायकों की कार से मिले लाखों रुपए

रविवार, 31 जुलाई 2022 (07:41 IST)
नई दिल्ली। अर्पिता मुखर्जी के घर से 50 करोड़ की बरामदगी के बाद पश्चिम बंगाल के हावड़ा में झारखंड के 3 कांग्रेस विधायकों की कार से भारी मात्रा में नकदी बरामद होने से हड़कंप मच गया। पार्टी ने शनिवार को आरोप लगाया कि झारखंड में भाजपा के ‘ऑपरेशन लोटस’ का पर्दाफाश हो गया है।

हावड़ा (ग्रामीण) की पुलिस अधीक्षक स्वाति भांगलिया ने कहा, 'हमें सटीक सूचना मिली थी कि काले रंग की एक कार में भारी मात्रा में पैसा ले जाया जा रहा है। हमने वाहनों की तलाशी शुरू कर दी और इस कार को रोका, जिसमें तीन विधायक सवार थे। कार से बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई है।'
 
उन्होंने कहा, 'नकदी गिनने के लिए मशीन मंगवाई जा रही है। विधायकों से भी धन के स्रोत और इसे कहां ले जाया जा रहा था, इसके बारे में पूछताछ की जा रही है।'
 
पुलिस ने बताया कि एसयूवी में विधायकों के अलावा दो अन्य लोग भी बैठे हुए थे। इस कार के एक बोर्ड पर कांग्रेस के चुनाव चिह्न के साथ ही विधायक जामताड़ा झारखंड लिखा हुआ था। अंसारी जामताड़ा, जबकि कच्चाप रांची जिले के खिजरी और कोंगारी सिमडेगा कोलेबिरा से विधायक हैं।
 
इस बीच कांग्रेस की झारखंड इकाई ने दावा किया कि भारी मात्रा में यह नकदी हेमंत सोरेन सरकार को गिराने की भाजपा की साजिश का हिस्सा है। कांग्रेस राज्य में लालू प्रसाद यादव की राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के साथ सोरेन सरकार का हिस्सा है।
 
झारखंड कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु टिर्की ने कहा कि ऐसा लगता है कि यह भाजपा की साजिश है। हेमंत सोरेन सरकार के सत्ता में आने के बाद से ही भाजपा उसे अस्थिर करने का प्रयास कर रही है। अगर हम देखें कि महाराष्ट्र और कुछ अन्य राज्यों में क्या हुआ तो यह साफ हो जाएगा कि भाजपा सरकारों को सत्ता से बाहर करने के लिए धन का प्रयोग करती है।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने भी  ट्वीट किया, 'झारखंड में भाजपा का ‘ऑपरेशन लोटस’ आज रात हावड़ा में बेनकाब हो गया। दिल्ली में ‘हम दो’ का गेम प्लान झारखंड में वही करने का है, जो उन्होंने महाराष्ट्र में ई-डी(एकनाथ शिंदे-देवेंद्र फडणवीस) की जोड़ी से करवाया।'
 

झारखंड में भाजपा का 'ऑपरेशन लोटस' आज की रात हावड़ा में बेनकाब हो गया। दिल्ली में 'हम दो' का गेम प्लान झारखंड में वही करने का है जो उन्होंने महाराष्ट्र में एकनाथ-देवेंद्र(E-D) की जोड़ी से करवाया।

— Jairam Ramesh (@Jairam_Ramesh) July 30, 2022
विपक्षी दल भाजपा की झारखंड इकाई के अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि कांग्रेस विधायकों को बताना चाहिए कि उन्हें इतनी बड़ी मात्रा में नकदी कहां से मिली।

उल्लेखनीय है कि झारखंड के जामताड़ा से तीन कांग्रेसी विधायकों राजेश कच्छप, नमन विक्सल और इरफान अंसारी को ग्रामीण हावड़ा की पुलिस ने भारी मात्रा में नकदी के साथ हिरासत में लिया है। ये सभी एक ही कार में पूर्व मिदनापुर की ओर जा रहे थे।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी