'मार्गदर्शक' थे कलाम : नरेंद्र मोदी

मंगलवार, 28 जुलाई 2015 (00:58 IST)
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम के निधन पर दु:ख जताया और कहा कि उन्होंने एक ‘मार्गदर्शक’ खो दिया है, जिन्होंने भारत को विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नई ऊंचाई पर पहुंचाया।
 
मोदी ने कहा, ‘वे एक महान वैज्ञानिक थे, जिन्होंने विज्ञान और प्रौद्योगिकी के साथ ही अंतरिक्ष के क्षेत्र में काफी योगदान दिया। मैंने एक मार्गदर्शक खो दिया है।’ उन्होंने कहा, ‘वे पूरे देश, विशेष रूप से युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत थे। वे अपने अंतिम दिनों में भी सबसे जुड़े रहे।’ 
 
मोदी ने कहा कि कलाम का निधन पूरे देश के लिए और दुनिया के वैज्ञानिक समुदाय के लिए दु:ख की खबर है। उन्होंने कहा, ‘एक राष्ट्रपति के तौर पर उनका काम, उनका जीवन प्रकाशपुंज था। एक वैज्ञानिक के रूप में वे भारत को नई ऊंचाइयों पर लेकर गए। उनका मकसद हमेशा भारत की वैज्ञानिक क्षमताओं को जोड़कर देश को आत्मनिर्भर बनाना था।’ 
 
प्रधानमंत्री ने कहा कि महान वैज्ञानिक, उत्तम राष्ट्रपति और इन सबसे ऊपर एक प्रेरणादायक व्यक्ति के निधन पर भारत शोक में है।
 
कलाम के साथ अपनी स्मृतियों को याद करते हुए मोदी ने कहा कि उनका मस्तिष्क बहुत सारी यादों से, उनके साथ की गई बहुत सारी बातचीतों से भरा हुआ है और वे हमेशा अपने ज्ञान से अचंभित कर दिया करते थे। पूर्व राष्ट्रपति से बहुत कुछ सीखा।
 
मोदी ने कहा कि अपने आखिरी वक्त पर भी वे छात्रों को पढ़ाने का अपना पसंदीदा कार्य कर रहे थे। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘जब वे राष्ट्रपति थे और इसके बाद भी वे कहते थे कि वे एक शिक्षक और एक प्रोफेसर हैं। शिक्षण मेरा शौक है। और आज भी वे अपने आखिरी वक्त में भी छात्रों के साथ थे और अपना पसंदीदा काम कर रहे थे।’ (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें