मोदी के हथियार के तौर पर काम कर रही है पुलिस...

शुक्रवार, 11 दिसंबर 2015 (20:55 IST)
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी ने शुक्रवार को भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर ऐसे समय में शहर की सरकार के खिलाफ दिल्ली पुलिस समेत अन्य एजेंसियों के दुरूपयोग का आरोप लगाया जब ‘राजनीतिक प्रतिशोध’ चरम पर है। पार्टी  ने  कहा  कि पुलिस प्रधानमंत्री मोदी के हथियार के तौर पर काम कर रही है और आप से जुड़े सभी लोगों के पीछे पड़ी है।
 
पार्टी ने ऐसे कई उदाहरण गिनाए जब उनके कार्यकर्ताओं और विधायकों पर दिल्ली पुलिस ने झूठे आरोप लगाए ओैर बाद में न्यायपालिका ने उन्हें बरी कर दिया।
 
आप के दिल्ली संयोजक दिलीप पांडेय ने कहा कि पुलिस की कलई खोलने के लिए ऐसे कई मामलों को सार्वजनिक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज के समय में राजनीतिक प्रतिशोध चरम पर है और केंद्रीय एजेंसियों का दुरूपयोग किया जा रहा है।
 
पुलिस कमिश्नर बीएस बस्सी पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाने के कुछ दिनों बाद पार्टी का यह रूख देखने को मिला है। बस्सी ने इन आरोपों को सिरे से नकार दिया।
 
ग्रेटर कैलाश विधायक सौरभ भारद्वाज ने कहा 'आप के कुछ कार्यकर्ताओं को 16 दिसंबर, 2012 की सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद प्रदर्शन के दौरान एक कांस्टेबल की हत्या का आरोपी बनाया था। बाद में एक मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट ने मामले को सीधे खारिज कर दिया।'
 
पांडेय ने कहा, 'पुलिस प्रधानमंत्री मोदी के हथियार के तौर पर काम कर रही है और आप से जुड़े सभी लोगों के पीछे पड़ी है। वे लोग झूठे आरोपों के आधार पर लगातार हमारे कार्यकर्ताओं को फंसा रहे हैं। उन्होंने सवाल किया 'क्या आप कार्यकर्ता होना इस देश का सबसे बड़ा अपराध है?'
 
पांडेय ने कहा कि दिल्ली उच्च न्यायालय ने नंदनगरी मामले को यह देखते हुए सीबीआई को सौंपने का आदेश दिया कि मामले की जांच के लिए पुलिस द्वारा गठित एसआईटी का ध्यान आरोपी को बचाने पर ज्यादा था। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें