यूपी में प्रियंका के फोन से बनी बात, सपा और कांग्रेस का गठबंधन पक्का

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

बुधवार, 21 फ़रवरी 2024 (17:29 IST)
Alliance between SP and Congress confirmed in UP: उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन अंतत: टूटते-टूटते बच ही गया। बताया जा रहा है कि एक-दो सीटों की अदला-बदली के बाद कांग्रेस (Congress) 17 सीटों पर लोकसभा चुनाव (Lok Sabha elections 2024) लड़ने के लिए तैयार हो गई। दूसरी ओर, कांग्रेस मध्य प्रदेश में भी समाजवादी पार्टी को एक सीट देने को तैयार हो गई। 
 
यूपी कांग्रेस के प्रभारी अविनाश पांडे ने मीडिया से चर्चा में कहा कि कांग्रेस 17 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। मुरादाबाद सीट पर कांग्रेस ने अपना दावा छोड़ दिया है, जबकि वाराणसी सीट सपा ने कांग्रेस के लिए छोड़ दी है। हालांकि सपा वाराणसी सीट पर अपना उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। सपा ने 17 सीटें जो कांग्रेस को दी हैं, उनमें से 7 सीटों पर वह कभी नहीं जीत पाई है। 
 
प्रियंका के फोन से बनी बात : बताया जा रहा है कि प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra) के अखिलेश यादव (SP leader Akhilesh Yadav) को किए गए फोन के बाद गठबंधन का रास्ता साफ हो गया। जो कांग्रेस 2 दर्जन से ज्यादा सीटें मांग रही थी, अन्तत: वह 17 सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए राजी हो गई। कांग्रेस सपा से बलिया, मुरादाबाद और बिजनौर सीटें भी मांग रही थी। अखिलेश ने भी कहा है कि अंत भला तो सब भला। 
 
मध्य प्रदेश में भी गठबंधन : दूसरी ओर, सपा और कांग्रेस का गठबंधन मध्य प्रदेश के चुनाव में भी होगा। यहां कांग्रेस सपा को एक सीट देने को तैयार हो गई है। खजुराहो लोकसभा सीट समाजवादी पार्टी के खाते में जा सकती है। 
 
सपा के 3 उम्मीदवार घोषित : उल्लेखनीय है कि समाजवादी पार्टी अपनी तीन सूचियों में 31 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। पार्टी ने बदायूं सीट से उम्मीदवार बदल दिया है। पहली सूची में बदायूं से धर्मेन्द्र यादव को उम्मीदवार बनाया गया था, जबकि तीसरी सूची में उनके स्थान पर ‍अखिलेश के चाचा शिवपाल यादव को उम्मीदवार बनाया है। 
Edited by: Vrijendra Singh Jhala

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी